Edited By Kamini,Updated: 09 Jul, 2026 06:55 PM

पंजाब सरकार के "युद्ध नशों विरुद्ध" अभियान के तहत लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को आज नष्ट कर दिया।
लुधियाना (अनिल/राज): पंजाब सरकार के "युद्ध नशों विरुद्ध" अभियान के तहत लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को आज नष्ट कर दिया। पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा, IPS के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में गठित उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी, जिसमें डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन अमनदीप सिंह बराड़ और एसीपी इन्वेस्टिगेशन-1 हर्षप्रीत सिंह शामिल थे, ने NDPS अधिनियम के तहत दर्ज 50 अलग-अलग मामलों से संबंधित जब्त नशीले पदार्थों का विधिवत नष्ट कर दिया है। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने ड्रग तस्करों को स्पष्ट संदेश दिया कि लुधियाना में नशीले पदार्थों के लिए कोई जगह नहीं है।
आज नष्ट किए गए नशीले पदार्थ
एक ही दिन में पुलिस ने बड़ी मात्रा में निम्नलिखित नशीले पदार्थों को जलाकर नष्ट किया—
- नशीली गोलियां (Intoxicant Pills): 2,06,590
- हेरोइन: 11 किलोग्राम 25 ग्राम
- भूक्की-पोस्त (Poppy Husk): 212 किलोग्राम 300 ग्राम
- गांजा: 91 किलोग्राम 125 ग्राम
- चरस: 3 किलोग्राम 689 ग्राम
- नशीली टैबलेट्स: 440
- वर्ष 2026 का रिकॉर्ड: टनों में नशे का सफाया

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि आज नष्ट किया गया यह नशीला पदार्थ केवल व्यापक अभियान का एक हिस्सा है। लुधियाना पुलिस वर्ष की शुरुआत से ही नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। 1 जनवरी 2026 से 9 जुलाई 2026 तक पुलिस ने NDPS अधिनियम के 532 मामलों में जब्त नशीले पदार्थों का विधिवत निस्तारण कर स्थानीय ड्रग नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने का काम किया है। इस अवधि के दौरान स्थायी रूप से नष्ट किए गए नशीले पदार्थों का विवरण इस प्रकार है—
- पोस्त भूसी: 3,281.010 किलोग्राम (3.2 टन से अधिक)
- गांजा: 188.590 किलोग्राम
- हेरोइन: 39.262 किलोग्राम
- चरस: 6.391 किलोग्राम
- पोस्त के पौधे: 4.5 किलोग्राम
- नशीला पाउडर: 1.105 किलोग्राम
- आइस (मेथामफेटामाइन): 100 ग्राम
- नशीली गोलियां: 2,28,221
- नशीली टैबलेट्स: 2,270

इस मौके पर बोलते हुए पुलिस आयुक्त लुधियाना स्वपन शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई दो मोर्चों पर लड़ी जा रही है-पहला, सड़कों पर सख्त कार्रवाई कर नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाना और दूसरा, जब्त किए गए नशीले पदार्थों का त्वरित एवं पारदर्शी कानूनी निस्तारण सुनिश्चित करना, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here