Edited By Kalash,Updated: 05 Jul, 2026 05:20 PM

पंजाब सरकार और राज्य पुलिस द्वारा गैंगस्टरों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के सफाए के लिए शुरू की गई जंग के तहत आज लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
लुधियाना (राज/अनिल): पंजाब सरकार और राज्य पुलिस द्वारा गैंगस्टरों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के सफाए के लिए शुरू की गई जंग के तहत आज लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा की कमान के तहत पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार-3 के तहत तड़के सुबह 4 बजे ही पूरे महानगर को छावनी में तब्दील कर दिया। 360 समर्पित जाबाज पुलिसकर्मियों की टीमों ने लुधियाना के कई मोहल्लों और संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी, जिससे अपराधियों और ड्रग तस्करों में हड़कंप मच गया। यह महा-सर्च ऑपरेशन देर शाम तक लगातार जारी रहेगा।

सी.पी. स्वपन शर्मा की लाइव अपडेट, 60 टीमों ने संभाला मोर्चा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने इस ऐतिहासिक ऑपरेशन की लाइव अपडेट सांझा की। सीपी शर्मा ने बताया कि इस सीक्रेट और बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए 360 पुलिसकर्मियों की 60 विशेष और हाईटेक टीमें गठित की गई थी। इन टीमों ने पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में अलग-अलग टारगेटेड और संवेदनशील लोकेशंस पर एक साथ धावा बोला। ऑपरेशन को पूरी तरह अचूक और कामयाब बनाने के लिए डीजीपी कार्यालय की ओर से लुधियाना पुलिस को अतिरिक्त फोर्स और आधुनिक हथियार भी मुहैया कराए गए थे, ताकि बदमाशों को संभलने का एक सेकंड का मौका भी न मिले।
अब तक का प्रोग्रेस कार्ड, 38 केस दर्ज, 132 से ज्यादा राउंडअप
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के अनुसार सुबह से चल रही इस नॉन-स्टॉप कार्रवाई में लुधियाना पुलिस को अभूतपूर्व सफलता हाथ लगी है। अब तक की प्रोग्रेस रिपोर्ट बयां करती है कि अपराधियों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है, पुलिस टीमों ने अलग-अलग मोहल्लों से अब तक 132 से अधिक संदिग्धों, उद्घोषित अपराधियों और नामी बदमाशों को राउंडअप किया है। विभिन्न थानों में अब तक तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ 38 नए क्रिमिनल केस दर्ज किए जा चुके हैं।

गैंगस्टर नेटवर्क की रीढ़ तोड़ी, 4 कुख्यात गुर्गों के एसोसिएट्स दबोचे
पुलिस के इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में 4 ऐसे कुख्यात गैंगस्टर शामिल हैं जो बड़े नेटवर्क के मुख्य मददगार और एसोसिएट्स हैं। ये आरोपी पिछले काफी समय से हत्या, फिरौती, और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में वांछितचल रहे थे और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर लुधियाना में अपना नेटवर्क चला रहे थे। रेड के दौरान जब पुलिस ने तस्करों के गुप्त गोदामों और ठिकानों को खंगाला, तो वहां से भारी मात्रा में कॉट्राबैंड, अवैध हथियार और ड्रग्स बरामद हुए। जिसमें भारी मात्रा में गांजा, अफीम, चिट्टा (हेरोइन) और नशीली प्रतिबंधित गोलियां, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होने वाले चोरी के कई वाहन (गाड़ियां और मोटरसाइकिलें) जब्त किए गए हैं।

एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पूरी तरह सील, 8 मुख्य जगहों पर अचूक नाकाबंदी
सीपी स्वपन शर्मा ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान कोई भी अपराधी शहर छोड़कर भाग न सके, इसके लिए सिर्फ रेड ही नहीं की गई, बल्कि लुधियाना के सभी मुख्य रास्तों (एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स) को पूरी तरह सील कर दिया गया। पुलिस ने शहर के 8 प्रमुख और सबसे संवेदनशील स्थानों पर बेहद प्रभावी और अचूक नाकाबंदी की है। अतिरिक्त पुलिस बल और कमांडो के साथ आने-जाने वाले हर एक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की बारीकी से एक्यूरेट चेकिंग (मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड की मदद से) की जा रही है। सीपी शर्मा ने दोटूक चेतावनी दी है कि लुधियाना की धरती पर अपराध करने वालों का हश्र बहुत बुरा होगा और यह प्रहार आगे भी जारी रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here