Edited By Vatika,Updated: 05 Jun, 2026 09:43 AM
दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने गई नगर कौंसिल की टीम पर हमला करने, बदसलूकी करने
लुधियाना(राज): दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने गई नगर कौंसिल की टीम पर हमला करने, बदसलूकी करने और सरकारी काम में बाधा डालने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर साहनेवाल नगर कौंसिल के कार्यसाधक अफसर (EO) की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में थाना सहनेवाल की पुलिस ने लखविंदर सिंह ढिल्लों और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत कार्यसाधक अफसर ने बताया कि बीती 1 जून को नगर कौंसिल की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली और सफाई सेवकों को साथ लेकर कोहाड़ा रोड, साहनेवाल पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण (इन्क्रोचमेंट) को हटाने के लिए कार्रवाई कर रही थी। जब नगर कौंसिल के कर्मचारी कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदारों की दुकान के बाहर पहुंचे और वहां सड़क पर अवैध रूप से रखा सामान उठाने लगे, तो आरोपी तैश में आ गए।
आरोपियों ने न सिर्फ कर्मचारियों के साथ हाथापाई की, बल्कि उनके लिए बेहद अभद्र और भद्दी शब्दावली का इस्तेमाल भी किया। आरोपियों ने सरेआम हंगामा करते हुए नगर कौंसिल की टीम को अपनी सरकारी ड्यूटी करने से रोका और काम में बड़ा विघ्न डाला। हंगामे के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने अपनी ही दुकान को आग लगाने की धमकी दे डाली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।