Edited By Vatika,Updated: 04 Apr, 2026 03:49 PM

कोचर मार्केट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
लुधियाना(राज): महानगर के जवाहर नगर कैंप इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 48 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। मृतका की पहचान रानी के रूप में हुई है, जिसका शव छत वाले पंखे के हुक से चुन्नी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 5 के अंतर्गत आती चौकी कोचर मार्केट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
ससुराल पक्ष पर लगे गंभीर आरोप
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वारदात की खबर मिलते ही मृतका का मायका परिवार, जो मलेरकोटला का रहने वाला है, भी लुधियाना पहुंच गया। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत का खुलासा
परिजनों का स्पष्ट कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शरीर पर मौजूद चोट के निशानों की गहनता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।