Edited By Vatika,Updated: 19 May, 2026 01:57 PM

थाना मेहरबान के अधीन आते गांव जीवनपुर में 32 वर्षीय विवाहित महिला द्वारा कथित तौर पर ससुराल पक्ष
लुधियाना (अनिल): थाना मेहरबान के अधीन आते गांव जीवनपुर में 32 वर्षीय विवाहित महिला द्वारा कथित तौर पर ससुराल पक्ष से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक महिला की पहचान पूजा कौर के रूप में हुई है। मामले संबंधी जानकारी देते हुए मृतका के भाई गुरमुख सिंह चौहान ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2017 में सुरजन सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले करीब दो साल से उसका पति विदेश में रह रहा है। गुरमुख सिंह ने आरोप लगाया कि पति के विदेश जाने के बाद पूजा कौर को उसका जेठ सुखविंदर सिंह और जेठानी बलविंदर कौर लगातार परेशान करते थे। उन्होंने बताया कि पूजा कौर ने फोन कर बताया था कि दोनों उसे घर से निकालने के लिए मारपीट कर रहे हैं।
इसी दौरान गांव जीवनपुर की एक महिला ने फोन कर सूचना दी कि पूजा कौर ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामले संबंधी थाना मेहरबान के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीप सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी जेठ सुखविंदर सिंह, जेठानी बलविंदर कौर और उसके पिता बलदेव सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह और बलदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी महिला बलविंदर कौर फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।