Edited By Vatika,Updated: 22 Jul, 2026 08:37 AM

महानगर के अति व्यस्त और मुख्य व्यापारिक केंद्र भदौड़ हाउस स्थित 'सोसायटी प्लाजा ए.सी. मार्के
लुधियाना (राज): महानगर के अति व्यस्त और मुख्य व्यापारिक केंद्र भदौड़ हाउस स्थित 'सोसायटी प्लाजा ए.सी. मार्केट' में पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाता हुआ एक मामला सामने आया है।
यहाँ 'पंजाब रूबिया हाउस' नामक नामी दुकान की छत पर लगे ए.सी. (A.C.) के 7 यूनिटों में से 6 यूनिटों के कीमती कॉपर पाइप (तांबे के पाइप) अज्ञात शातिर चोरों ने उड़ा लिए। शातिर चोरों ने न सिर्फ पाइप चोरी किए, बल्कि ए.सी. की बाकी महंगी मशीनों की भी जमकर तोड़-फोड़ की। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इसी दुकान की छत से महज कुछ दिन पहले भी कॉपर पाइप चोरी हुए थे, लेकिन चोरों ने एक बार फिर उसी जगह को निशाना बनाकर खाकी को खुली चुनौती दी है।
दुकानदार ने बताया कि बीती 21 जुलाई को जब वह अपनी दुकान की छत पर किसी काम से गए, तो वहां छत पर लगे कुल 07 ए.सी. (A.C.) यूनिटों में से 06 यूनिटों के कॉपर पाइप गायब थे। कारोबारी के मुताबिक, चोरों ने सिर्फ कॉपर पाइप उखाड़ने पर ही बस नहीं किया, बल्कि छत पर लगे ए.सी. के आउटर यूनिट्स और बाकी महंगी मशीनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त (तोड़-फोड़) कर दिया। कारोबारी ने बताया कि इससे पहले बीती 27 जून को भी उनकी दुकान की छत से अज्ञात चोरों ने इसी तरह कॉपर के पाइप चोरी कर लिए थे। एक ही महीने के भीतर लगातार दूसरी बार हुई इस चोरी के कारण व्यापारी का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और मार्केट के अन्य दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।