Edited By Kamini,Updated: 20 Oct, 2026 11:21 AM

रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के अधीन बस स्टैंड के नजदीक स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टैस्ट सैंटर में आज बिजली सप्लाई बाधित रहने के कारण ड्राइविंग लाइसैंस बनाने का काम पूरे दिन बंद रहा।
जालंधर (चोपड़ा): रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के अधीन बस स्टैंड के नजदीक स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टैस्ट सैंटर में आज बिजली सप्लाई बाधित रहने के कारण ड्राइविंग लाइसैंस बनाने का काम पूरे दिन बंद रहा। इसके चलते ऑनलाइन अप्वाइंटमैंट लेकर सैंटर पहुंचे सैंकड़ों आवेदकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, विगत रात्रि सैंटर के बाहर मुख्य सड़क के किनारे लगे ट्रांसफार्मर को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसके खंभे टूट गए और ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कारण सैंटर सहित आसपास के इलाके की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। हालांकि सैंटर में लगे जैनरेटर की मदद से बिजली की व्यवस्था करने का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर से इंटरनैट व्यवस्था को मिलने वाली सप्लाई बंद रहने के कारण ऑनलाइन कामकाज शुरू नहीं हो सका। इस वजह से लाइसैंस बनवाने और ड्राइविंग टैस्ट के लिए पहुंचे लोगों को बिना काम करवाए लौटने की परेशानी झेलनी पड़ी।
उधर, पावरकॉम के कर्मचारी दिनभर नए खंभे लगाने और ट्रांसफॉर्मर को दोबारा चालू करने में जुटे रहे। मंगलवार को दशहरे की छुट्टी होने के कारण अब बुधवार को ही सैंटर का कामकाज शुरू होने की संभावना है। हालांकि, इसके लिए बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बहाल होना आवश्यक है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here