ओ तेरी! प्रेमी संग बेटी को लेकर भागी मां, बचाने वाली 12 साल की बच्ची को सड़क पर घसीटा, वीडियो आया सामने

Edited By Vatika,Updated: 05 Aug, 2026 10:57 AM

missing ludhiana news

डाबा रोड इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही..

लुधियाना (राज): डाबा रोड इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 3 साल की मासूम बेटी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। इस दौरान बच्ची को बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय चचेरी बहन अनुराधा ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों से लोहा लिया। आरोपियों ने बच्ची को छुड़ाने का प्रयास कर रही 12 साल की मासूम को चलती स्कूटी से करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

 

अज्ञात लोगों को पास रुकते देख बच्चियां डरकर भागने लगीं
जानकारी के अनुसार, घटना 28 जुलाई की है जब 12 वर्षीय अनुराधा अपनी 3 साल की चचेरी बहन को घर के पास स्थित दुकान से सामान दिलाने ले जा रही थी। तभी सफ़ेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर बच्ची की मां सीमा रानी और उसका पगड़ीधारी प्रेमी वहां पहुंचे। दोनों ने अपने मुंह ढके हुए थे।अज्ञात लोगों को पास रुकते देख बच्चियां डरकर भागने लगीं। इस दौरान महिला ने दौड़कर 3 साल की बच्ची को जबरन गोद में उठा लिया। जब अनुराधा ने अपनी बहन का हाथ नहीं छोड़ा और विरोध किया, तो आरोपी महिला उसे बेरहमी से थप्पड़ मारने लगी। इसके बावजूद अनुराधा ने हिम्मत नहीं हारी और जबरन स्कूटी पर बैठकर भाग रहे आरोपियों की स्कूटी को पकड़ लिया। निर्दयी आरोपियों ने स्कूटी नहीं रोकी और अनुराधा को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। हादसे में अनुराधा की बांह और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं।

7 साल का बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ
सिविल अस्पताल में बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद पीड़ित बच्ची के पिता युवराज सिंह ने थाना डाबा में शिकायत दर्ज करवाई। युवराज ने बताया कि उसकी शादी 10 साल पहले सीमा रानी से हुई थी। लेकिन पिछले 6 महीने से वह अपने 7 साल के बेटे और 3 साल की बेटी को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ अलग रह रही है। युवराज ने बताया कि उनका 7 साल का बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है, इसलिए पत्नी उसे पसंद नहीं करती और केवल बेटी को अपने साथ ले जाना चाहती थी।पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच अदालत में तलाक का केस चल रहा है। पत्नी कोर्ट में खर्चे का दावा मजबूत करने, पैसे ऐंठने और प्रॉपर्टी हड़पने की नीयत से बच्ची को ढाल बना रही है और अक्सर फोन पर धमकियां देती थी। उधर, थाना डाबा के प्रभारी जतिंदर कुमार ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। महिला के खिलाफ पहले से ही लड़ाई-झगड़े का केस दर्ज है। बच्चों की कस्टडी को लेकर अभी अदालत की तरफ से कोई अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है। पुलिस इस नई शिकायत को पुरानी फाइल में शामिल कर कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में ला रही है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!