Edited By Urmila,Updated: 25 Oct, 2026 08:59 AM

भुच्चो मंडी में कैंचियां रोड पर फ्लिपकार्ट के नए खुले गोदाम में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई।
भुच्चो मंडी (नागपाल): भुच्चो मंडी में कैंचियां रोड पर फ्लिपकार्ट के नए खुले गोदाम में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोर गोदाम से करीब 980 महंगे मोबाइल फोन उड़ाकर फरार हो गए, जिनकी कीमत 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद डी.एस.पी. साइबर सर्बजीत सिंह और डी.एस.पी. संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। इसके अलावा मोबाइल फोरैंसिक लैब की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
गोदाम के मैनेजर प्रकाश के अनुसार, वह और गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी बीती रात करीब 2.30 बजे माल की डिलीवरी लेकर गए थे। सुबह करीब 5 बजे जब वे वापस गोदाम पर पहुंचे तो शटर का ताला गायब था और शटर ऊपर उठा हुआ था। यह देखकर उन्हें किसी अनहोनी का संदेह हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर जांच की तो महंगे मोबाइल फोन चोरी होने का पता चला।
मैनेजर ने बताया कि चोर सैमसंग कंपनी के करीब 980 मोबाइल फोन ले गए। इनमें से प्रत्येक मोबाइल की कीमत करीब 35 हजार से 45 हजार रुपए बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर गोदाम में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों का डी.वी.आर. भी अपने साथ ले गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here