Edited By Vatika,Updated: 06 Oct, 2026 03:47 PM

लोगों को सुरक्षित और साफ-सुथरे खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग...
लुधियाना(राज) : लोगों को सुरक्षित और साफ-सुथरे खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी टीम ने देहलौं में विशेष नाका लगाया। टीम ने इस दौरान खाद्य पदार्थ लेकर जा रहे 3 वाहनों को रोककर जांच की। जांच के दौरान पनीर, देसी घी और व्हाइट बटर के सैंपल लिए गए। वहीं, 175 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
जांच के दौरान मिला 175 किलो पनीर संदिग्ध
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने बताया कि टीम ने संदेह के आधार पर वाहनों को रोककर उनमें मौजूद खाद्य पदार्थों की जांच की। संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए गए और जांच के लिए फूड लैबोरेटरी भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी सैंपल में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 175 किलो पनीर संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया, ताकि यह बाजार तक न पहुंच सके। पनीर का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटारा किया गया।
लोगों से की जा रही खास अपील
डॉ. चावला ने कहा कि दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में लगातार जांच और सैंपलिंग की जा रही है। अलग-अलग स्थानों पर अचानक निरीक्षण और विशेष नाके लगाकर खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकिंग, लेबल, निर्माण और एक्सपायरी या बेस्ट बिफोर तारीख जरूर जांचें। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर स्वास्थ्य विभाग या फूड सेफ्टी अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।