Ludhiana में ड्रग्स डिलीवरी का भंडाफोड़, 3 किलो से ज्यादा हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार

Edited By Vatika,Updated: 06 Oct, 2026 10:16 AM

cia ludhiana

महानगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लुधियाना पुलिस की स्पेशल से

लुधियाना(राज): महानगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लुधियाना पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल सेल की टीम ने डाबा कॉलोनी इलाके में औचक छापेमारी कर हेरोइन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी कर रहे तीन अंतर-जिला नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये मूल्य की 3 किलो 134 ग्राम हेरोइन, 1 लाख 5 हजार रुपये की ड्रग मनी (ड्रग्स बिक्री की नकदी), नशा तौलने वाले 4 डिजिटल कांटे, पैकिंग के लिए रखी 80 खाली पारदर्शी लिफाफियां और एक नीले रंग का पिट्ठू बैग बरामद किया गया है।

गली नंबर 4 में संदिग्ध डिलीवरी: पुलिस को देख भागने की फिराक में थे तस्कर
मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को स्पेशल सेल के सब-इंस्पेक्टर (SI) बलजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में संदिग्ध तत्वों और नशा तस्करों की धरपकड़ के संबंध में गश्त पर मौजूद थे। गश्त के दौरान जब पुलिस पार्टी डाबा कॉलोनी की गली नंबर 04 की तरफ मुड़ी, तो वहां एक घर के बाहर तीन युवक संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिए। तीनों आपस में काले रंग का एक बड़ा प्लास्टिक (मोमी) लिफाफा आदान-प्रदान कर रहे थे। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों हड़बड़ा गए और वहां से खिसकने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत चारों तरफ से घेराबंदी की और तीनों को मौके पर ही धर दबोचा।

तलाशी में निकली 3.134 किग्रा हेरोइन, 4 डिजिटल तराजू और नकदी
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में युवकों और उनके पास मौजूद नीले रंग के पिट्ठू बैग की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान काले मोमी लिफाफे और बैग के भीतर से कुल 3 किलो 134 ग्राम शुद्ध हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही मौके से नशे की बिक्री से जुटाए गए 1 लाख 5 हजार रुपये कैश (ड्रग मनी), हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर बेचने के काम आने वाले 4 डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक कांटे और 80 खाली छोटी लिफाफियां जब्त की गईं।

पकड़े गए आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है: नितिन, निवासी गली नंबर 04, डाबा कॉलोनी, लुधियाना, पवन राय, निवासी डाबा कॉलोनी, लुधियाना, और अंकित कुमार, निवासी सूरज नगर, शिमलापुरी, लुधियाना। थाना शिमलापुरी में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 201 दर्ज की गई है।
स्पेशल सेल के जांच अधिकारी एसआई बलजीत सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ की जाएगी कि हेरोइन की यह इतनी बड़ी खेप सीमा पार से या किस अंतरराज्यीय गिरोह से मंगवाई गई थी और शहर में किन-किन पैडलर्स को इसकी रिटेल सप्लाई की जानी थी। मामले में आगे की कड़ियां जोड़ते हुए और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!