Edited By Urmila,Updated: 07 Oct, 2026 03:02 PM

मेन जीटी रोड पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली से लदी एक ओवरलोड ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी।
भोगपुर/जालंधर (सोनू): मेन जीटी रोड पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली से लदी एक ओवरलोड ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी। हादसे में कई दुकानों के शटर और काउंटर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त बाजार बंद था और दुकानों के अंदर या बाहर कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू की ओर जा रहे एक ट्रक ने सड़क क्रॉस करते समय पराली से भरी ट्रॉली को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह ग्रिल को तोड़ते हुए सीधे दुकानों की तरफ जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई रंजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की गलती सामने आ रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
उधर, नुकसान झेलने वाले दुकानदारों में रोष देखने को मिला। दुकानदारों का कहना है कि दुकान का शटर टूटने से उनका कारोबार प्रभावित हुआ है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आरोप है कि नुकसान की भरपाई करने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिकों की ओर से उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
स्थानीय दुकानदारों ने ओवरलोड पराली और भूसे से भरी ट्रॉलियों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि ऐसी ट्रॉलियों से सड़क पर पीछे चल रहे वाहन चालकों की विजिबिलिटी प्रभावित होती है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। मार्केट एसोसिएशन और किसान संगठनों की ओर से पहले भी प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here