समराला बाइपास पर फूड वैन में धमाका, गैस सिलेंडर फटने से इलाके में मची अफरा-तफरी

Edited By Vatika,Updated: 21 Sep, 2026 10:10 AM

ludhiana news

समराला बाईपास पर हरिओ रोड के पास उस समय बड़ा हादसा हो गया...

समराला : समराला बाईपास पर हरिओ रोड के पास उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब वहां खड़ी एक फूड वैन में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद वैन में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग लगने के बाद लुधियाना-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 वैन के अंदर एक युवक भी था मौजूद 
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। फायर ब्रिगेड के ड्राइवर सोहन सिंह और फायरमैन नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना से करीब 15-20 मिनट पहले आग लगने की सूचना मिली थी। टीम तुरंत गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर देखा कि वैन के अंदर रखा एक सिलेंडर पहले ही फट चुका था, जिसके कारण आग ने भयानक रूप ले लिया था।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय वैन के अंदर एक युवक भी मौजूद था, जिसे समय रहते बाहर निकाल लिया गया। इसके अलावा वैन में मौजूद दूसरे सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर निकालकर उसे फटने से बचा लिया गया।

धमाके के बाद आग तेजी से फैली
जांच के दौरान सामने आया कि वैन के अंदर प्लास्टिक, फोम, अन्य ज्वलनशील सामान और तेल आदि से मॉडिफाई किया गया था। इसी वजह से धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने सूझबूझ और बहादुरी से आग पर काबू पा लिया और दूसरे सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के दौरान वैन में मौजूद युवक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसके चलते किसी तरह का जानी नुकसान होने से बच गया।

फूड वैन चलाने वाले लोगों से अपील 
मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने रेहड़ियां और फूड वैन चलाने वाले लोगों से अपील की कि वे अपने रोजगार के साथ-साथ सुरक्षा नियमों का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ऐसी गाड़ियों और फूड वैन में आग बुझाने वाले फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से होने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आग पर शुरुआती स्तर पर ही काबू पाया जा सके। इसके साथ ही प्रशासन से अपील की गई है कि ऐसी वैन को हाईवे या मुख्य सड़कों के किनारे खड़ा करने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं और बड़े हादसों से बचा जा सके।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!