Edited By Vatika,Updated: 08 Sep, 2026 09:32 AM

महानगर में स्थित प्रसिद्ध 'ओजमो जिम' में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली दो युवतियों द्वारा ग्राहकों की फीस हड़पने ...
लुधियाना (राज): महानगर में स्थित प्रसिद्ध 'ओजमो जिम' में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली दो युवतियों द्वारा ग्राहकों की फीस हड़पने और जिम प्रबंधन के साथ लाखों रुपये का गबन करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवतियों ने जिम में आने वाले ग्राहकों से फीस की रकम या तो बाहर ही नकद ले ली या फिर गूगल पे के जरिए अपने और अपने रिश्तेदारों के निजी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। जिम मालिक की शिकायत पर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा की गई विस्तृत जांच के बाद दोनों युवतियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी युवतियों—प्रिया अरोड़ा और शिवानी ने 'OZMO जिम' में रिसेप्शनिस्ट के पद पर तैनात रहते हुए अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया। जब भी कोई नया या पुराना ग्राहक (मेंबर) जिम की मासिक या वार्षिक सदस्यता फीस जमा करवाने आता, तो आरोपी युवतियां जिम के आधिकारिक खाते या क्यूआर कोड के बजाय ग्राहकों को अपने झांसे में ले लेती थीं। वे ग्राहकों से फीस की रकम जिम परिसर से बाहर नकद वसूल लेती थीं या फिर गूगल पे के जरिए सीधे अपने तथा अपने नजदीकी रिश्तेदारों के बैंक खातों में पैसे डलवा लेती थीं आरोपियों ने लंबे समय तक इस गोरखधंधे को जारी रखा और ग्राहकों से वसूली गई फीस को जिम के आधिकारिक खातों या रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया। जब जिम प्रबंधन ने खातों का मिलान और सदस्यों के रिकॉर्ड का ऑडिट किया, तो बड़े स्तर पर फीस गायब पाई गई। इसके बाद पूरे फर्जीवाड़े की परतें खुलीं।
शिकायत की पड़ताल पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिया अरोड़ा और शिवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियों और उनके रिश्तेदारों के संबंधित बैंक खातों व ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि गबन की गई कुल राशि का सही आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा सके।