Ludhiana में ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार युवक पर किया जानलेवा हमला

Edited By Vatika,Updated: 29 Aug, 2026 12:06 PM

ludhiana firing news

महानगर के भामियां इलाके में जमीनी रंजिश और अदालत में चल रहे मामलों में गवाही से रोकने के लिए एक युवक पर जानलेवा

लुधियाना (राज): महानगर के भामियां इलाके में जमीनी रंजिश और अदालत में चल रहे मामलों में गवाही से रोकने के लिए एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रात के अंधेरे में खेत से कार में सवार होकर घर लौट रहे युवक को दो बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर 3 से 4 राउंड अंधाधुंध गोलियां दाग दीं। एक गोली युवक की बाजू में लगने से वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना जमालपुर की पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी परमिंदर बाजवा और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह निवासी भामियां कलां ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 11:00 बजे उसका भाई जसप्रीत सिंह खेतों से अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह भामियां-डाबेवाल रोड पर स्थित एक बंद पड़े शराब के ठेके के नजदीक पहुंचा, तभी अचानक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो नकाबपोश अज्ञात युवकों ने उसकी कार के आगे अपनी बाइक लगा दी और रास्ता रोक लिया। जसप्रीत कुछ समझ पाता, इससे पहले ही हमलावरों ने अपनी पिस्तौल निकालकर उस पर 3-4 राउंड सीधे फायर कर दिए। इनमें से एक गोली जसप्रीत की बाईं बाजू के डोले पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर अपनी बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, मौके से भागते समय हमलावर आपस में पंजाबी में कह रहे थे कि— "हुण असीं परमिंदर बाजवे नूं गुड न्यूज देंदे हां।" फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और गंभीर रूप से घायल जसप्रीत को तुरंत इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, यह पूरा खूनी खेल एक पुराने जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। घायल जसप्रीत विरोधी पक्ष के खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग आपराधिक मामलों में मुख्य गवाह है। विरोधी पक्ष लगातार उस पर गवाही से मुकरने और बयान बदलने का दबाव बना रहा था। इस संबंध में जसप्रीत को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी थीं। जब उसने झुकने से मना कर दिया, तो अदालत में गवाही रोकने और उसकी आवाज हमेशा के लिए दबाने के इरादे से यह सुपारी देकर जानलेवा हमला करवाया गया। थाना जमालपुर पुलिस ने सुखविंदर सिंह के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता परमिंदर बाजवा और 2 अज्ञात शूटरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शूटरों के रूट का पता लगाया जा सके। मुख्य आरोपी परमिंदर बाजवा और हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!