Edited By Vatika,Updated: 28 Aug, 2026 09:52 AM

अब्दुल्लापुर बस्ती इलाके के नजदीक दिनदहाड़े एक महिला से पता पूछने के बहाने मोबाइल फोन झपटने वाले
लुधियाना (राज): अब्दुल्लापुर बस्ती इलाके के नजदीक दिनदहाड़े एक महिला से पता पूछने के बहाने मोबाइल फोन झपटने वाले बाइक सवार तीन शातिर स्नैचरों को लोगों ने मौके पर ही दबोच लिया। महिला के शोर मचाने पर इकट्ठा हुए राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने तीनों आरोपियों की जमकर छित्तर-परेड की और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नशे का एक इंजेक्शन भी बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वारदातों को अंजाम देते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़िता मधु सुबह अपने घर से काम पर जा रही थी। जब वह अब्दुल्लापुर बस्ती के नजदीक पहुंची, तो एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसके पास आकर बाइक रोकी। आरोपियों ने किसी रास्ता के बारे में पूछने के बहाने महिला को अपनी बातों में उलझाने की कोशिश की। जैसे ही महिला का ध्यान भटका, आरोपियों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और भागने का प्रयास किया। मोबाइल छिनते ही पीड़िता ने बहादुरी दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर तुरंत हरकत में आ गए और उन्होंने भाग रहे बाइक सवार तीनों युवकों की घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से में आए लोगों ने तीनों आरोपियों की जमकर धुनाई कर दी, जिससे इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक नशे का इंजेक्शन बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है ताकि उनके आपराधिक रिकॉर्ड और शहर में की गई अन्य स्नैचिंग की वारदातों का पता लगाया जा सके। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।