Edited By Kalash,Updated: 22 Apr, 2026 01:10 PM

चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 39 इलाके में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही सीसीटीवी कैमरों का खौफ।
लुधियाना (राज): चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 39 इलाके में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही सीसीटीवी कैमरों का खौफ। ताजा वारदात में बेखौफ चोरों ने राम दरबार के सामने स्थित शैडोफैक्स कूरियर कंपनी के हब को निशाना बनाया और वहां से करीब सवा दो लाख रुपये की नकदी और भारी-भरकम कैश लॉकर उखाड़कर फरार हो गए। इस पूरी वारदात की तस्वीरें ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।
वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मामला थाना मोती नगर के अंतर्गत आता है और पुलिस को इसकी तुरंत सूचना दे दी गई थी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी पुलिस की कोई टीम मौका-ए-वारदात पर मुआयना करने नहीं पहुंची। इतना ही नहीं, कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि अभी तक इस मामले में औपचारिक एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल कंपनी मैनेजमेंट ने पुलिस के आला अधिकारियों से गुहार लगाई है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनकी लूटी गई रकम बरामद की जाए।
कंपनी के प्रतिनिधि जसजीत सिंह ने बताया कि वह रात 10 बजे ऑफिस लॉक करके गए थे और सुबह जब टीम लीडर अनलोडिंग के लिए पहुंचा तब इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ।सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि रात करीब 1:30 बजे दो नकाबपोश चोर ऑफिस के बाहर पहुंचते हैं और बड़ी ही शातिराना ढंग से शटर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल होते हैं। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने ऑफिस में रखे कीमती पार्सल या किसी अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को हाथ तक नहीं लगाया, बल्कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ कैश लॉकर पर था। वे सीधे उस जगह पहुंचे जहां लॉकर रखा था और उसे उखाड़कर रफूचक्कर हो गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here