Edited By Vatika,Updated: 10 Mar, 2026 10:29 AM

महानगर के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
लुधियाना (विक्की): महानगर के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह करीब 7 बजे ई-मेल के जरिए धमकी भरा संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। वहीं स्कूल खाली करवाए जा रहे हैं लेकिन बच्चों का एग्जाम भी चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक जिन स्कूलों के नाम सामने आए हैं उनमें GGN Public School, Narayana e-Techno School, Darshan Academy, DAV BRS Nagar, DAV Pakhowal Road और DPS School, Gnps सराभा नगर, Jesus sacred heart school शामिल हैं। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर कई जगहों पर छात्रों को स्कूल से बाहर निकाल दिया गया और परिसर को खाली करवाया गया।

इस दौरान मौके की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें पुलिस और बम निरोधक दस्ता स्कूलों के बाहर तैनात नजर आ रहा है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मेल किसने और कहां से भेजा। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।