Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Feb, 2026 07:42 PM

शहर में शाम होते ही कई इलाकों के एटीएम बंद किए जाने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता राजकुमार किशन वर्मा ने बताया कि सप्ताहांत से पहले नकदी जमा करवाने और निकालने के लिए लोगों को एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकना...
लुधियाना (गणेश): शहर में शाम होते ही कई इलाकों के एटीएम बंद किए जाने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता राजकुमार किशन वर्मा ने बताया कि सप्ताहांत से पहले नकदी जमा करवाने और निकालने के लिए लोगों को एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकना पड़ता है, लेकिन अधिकतर एटीएम बंद या कैश रहित मिलते हैं।उन्होंने कहा कि सरकारी बैंकों के कई एटीएम शाम के समय शटर डाउन कर दिए जाते हैं। वहीं, निजी बैंकों के एटीएम के बाहर “24 घंटे सेवा” के बोर्ड और फ्लेक्स लगे होते हैं, लेकिन वास्तविकता में कई मशीनें बंद या “आउट ऑफ सर्विस” पाई जाती हैं।
इस संबंध में जब बैंक अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल के समय में एटीएम लूट और चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा कारणों से कुछ एटीएम को देर शाम और रात के समय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम ग्राहकों और बैंक की संपत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा आवश्यक है, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था के एटीएम बंद कर देना आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और नौकरीपेशा लोगों को सप्ताहांत से पहले नकदी लेन-देन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर कैश डिपॉजिट मशीनें (सीडीएम) भी खराब या बंद रहने से समस्या और गंभीर हो गई है।
शिकायतकर्ता ने बैंक प्रबंधन और प्रशासन से मांग की है कि एटीएम पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जैसे सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी सुनिश्चित किए जाएं, ताकि 24 घंटे बैंकिंग सुविधा जारी रह सके। साथ ही, जहां एटीएम सीमित समय के लिए संचालित किए जाते हैं, वहां स्पष्ट समय-सारिणी प्रदर्शित की जाए।
शहरवासियों का कहना है कि आधुनिक और डिजिटल युग में यदि मूलभूत बैंकिंग सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं होंगी, तो यह व्यवस्था की कार्यप्रणाली और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।