Edited By Vatika,Updated: 18 May, 2026 01:42 PM

पंजाब में गर्मी का कहर अब तेजी से बढ़ने जा रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को भीषण ‘लू’
चंडीगढ़ः पंजाब में गर्मी का कहर अब तेजी से बढ़ने जा रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को भीषण ‘लू’ (हीट वेव) का सामना करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार राज्य में 18 मई से 23 मई तक अलग-अलग हिस्सों में ‘लू’ चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान पूरे पंजाब में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
बठिंडा रहा पंजाब का सबसे गर्म इलाका
रविवार को छुट्टी वाले दिन भी पंजाब भर में लोगों को भीषण गर्मी और आग बरसाती तपिश का सामना करना पड़ा, जिसके चलते बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। शनिवार के मुकाबले रविवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पंजाब का सबसे गर्म इलाका बठिंडा रहा, जहां पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग बेहाल हो गए। इसी तरह पटियाला में 42 डिग्री और लुधियाना में 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा रहा। दूसरी ओर रात के तापमान में भी अब गर्मी महसूस होने लगी है क्योंकि औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा है।
हालांकि दिन की तेज तपिश के विपरीत राज्य में सबसे कम तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां रात के समय कुछ राहत बनी रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में ‘लू’ का यह प्रकोप राज्य के कई हिस्सों में लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। ऐसे में बिना किसी जरूरी काम के दोपहर के समय, खासकर 12 से 3 बजे के बीच, सीधी धूप में जाने से बचना चाहिए। स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे पानी, लस्सी और नींबू पानी पीने तथा सिर को हल्के कपड़े से ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है, ताकि बढ़ती गर्मी और लू के खतरनाक असर से बचा जा सके।