Edited By Sunita sarangal,Updated: 29 Nov, 2022 12:54 PM

पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी आज विजिलेंस ब्यूरो के एस.एस.पी. वरिंदर सिंह संधू के सामने सुबह 10 बजे विजिलेंस कार्यालय में पेश हुए।
अमृतसर(सागर): पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी आज विजिलेंस ब्यूरो के एस.एस.पी. वरिंदर सिंह संधू के सामने सुबह 10 बजे विजिलेंस कार्यालय में पेश हुए। विजिलेंस के अधिकारियों द्वारा सोनी से उनकी आय से अधिक संपत्ति की जांच को लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान सोनी ने अपने प्रॉपर्टी के सारे कागजात जमा करवाए। जानकारी के अनुसार मीडिया के सामने बातचीत करते हुए ओम प्रकाश सोनी ने कहा कि विजिलेंस ऑफिस द्वारा उन्हें जांच के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उन्हें जायदाद के संबंधी फार्म भरने के लिए दिए गए हैं। ये फार्म वह 7 दिनों के बाद जमा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि इस जांच में विजिलेंस द्वारा भी उन्हें पूरा इंसाफ मिलेगा। वह विजिलेंस द्वारा की गई जांच में पूरा सहयोग देंगे। अगर उन्हें लगा कि उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है तो वे अदालत का रुख करेंगे।
वहीं अमृतसर विजिलेंस एस.एस.पी. वरिंदर सिंह संधू ने बताया कि आज सोनी से उनकी जायदाद के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद विजिलेंस ऑफिस द्वारा ओम प्रकाश सोनी को कुछ परफार्म भरने के लिए दिए गए हैं। इसके लिए उन्हें 7 दिन का टाइम दिया गया है। 7 दिन के बाद डिप्टी सी.एम. सोनी के पास या उनके परिवार वालों के पास कितनी जायदाद है, सबका ब्यौरा बनाकर विजिलेंस ऑफिस में जमा करवाएंगे। इसके बाद विजिलेंस ऑफिस द्वारा उन सारी जायदाद की इंक्वायरी की जाएगी। इस बात की जांच की जाएगी कि ओम प्रकाश सोनी द्वारा दिए गए जायदाद का ब्यौरा सही है या नहीं। इसके अनुसार ही आगे की जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि विजिलेंस ब्यूरो ने पूर्व डिप्टी सी.एम. ओ.पी. सोनी को अपना पक्ष देने के लिए वीरवार को नोटिस जारी करके 26 नवंबर शनिवार सुबह 10 बजे पेश होने के लिए कहा था लेकिन वह उपस्थित नहीं हो सके थे। उन्होंने शहर से बाहर होने का हवाला देते हुए मंगलवार को पेश होने की बात कही थी। इसके उपरांत विजिलेंस ब्यूरो ने दोबारा नोटिस जारी किया। इसमें विजिलेंस की जांच में पूर्व उपमुख्यमंत्री को 29 नवंबर दिन मंगलवार को पेश होने के लिए कहा गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here