दिवाली की रात सनसनी: झोपड़ी में सो रहे 5 वर्षीय मासूम के पेट में लगी गोली

Edited By Vatika,Updated: 09 Nov, 2026 11:38 AM

fire in ludhiana

दिवाली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी के जश्न में डूबा हुआ था

लुधियाना, (राज): दिवाली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं गिल रोड स्थित दाना मंडी इलाके में एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक झुग्गी-झोपड़ी में अपने भाई-बहनों के साथ बिस्तर पर लेटे 5 वर्षीय मासूम बच्चे को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई।

परिवार कूड़ा-कबाड़ बीनने का करता हैं काम
गोली बच्चे के पेट के बाईं तरफ जा धंसी, जिससे वह दर्द से तड़पने लगा। आनन-फानन में परिजनों ने पहले खुद ही पेट में फंसी गोली को जबरन बाहर खींचने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे के बेहोश होने पर घबराकर उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।घायल बच्चे की पहचान 5 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। बच्चे की मां दीपा ने बताया कि उनका परिवार कूड़ा-कबाड़ बीनने का काम करता है और दाना मंडी के निकट बनी झोपड़ियों में रहता है। उनके 3 बच्चे हैं। दिवाली की रात कृष्णा अपने भाई-बहनों के साथ झोपड़ी के अंदर बिस्तर पर लेटा हुआ था। झोपड़ी के एक तरफ पर्दा लगा है और दूसरी तरफ कच्ची दीवार है। मां दीपा बाहर खाना बना रही थी, जबकि बच्चों के पिता वहीं पास में बैठे हुए थे। मां के अनुसार, अचानक झोपड़ी के भीतर से कृष्णा के जोर-जोर से रोने और चीखने की आवाज आई।

परिजनों ने खुद खींचकर निकाला छर्रा
जब मां घबराकर अंदर पहुंची और देखा तो उसके होश उड़ गए—कृष्णा के पेट से खून बह रहा था और उसमें कोई धातु जैसी चीज  धंसी हुई थी। दर्द से कराह रहे बच्चे की बिगड़ती हालत देख परिजनों ने घबराहट में खुद ही जबरदस्ती उसके पेट में फंसी गोली को खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन अत्यधिक खून बहने और असहनीय दर्द के चलते जब मासूम बेहोश होने लगा, तो परिजन उसे तुरंत उठाकर सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर भागे। मां दीपा का कहना है कि उन्हें बिल्कुल समझ नहीं आया कि यह गोली किसने और किस दिशा से चलाई। गोली चलने की कोई स्पष्ट आवाज भी पटाखों के शोर में सुनाई नहीं दी और बाहर भागकर देखने पर भी आसपास कोई नजर नहीं आया। आशंका जताई जा रही है कि दिवाली की रात जश्न में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई हर्ष फायरिंग या दूर से चलाई गई गोली भटककर झोपड़ी का पर्दा चीरते हुए बच्चे के पेट में जा लगी। परिजन अस्पताल में वह गोली भी साथ लेकर पहुंचे थे, जिसे उन्होंने बच्चे के पेट से खींचा था।

सिविल अस्पताल में बच्चे का उपचार कर रहे डॉ. शिवम ने बताया कि प्राथमिक जांच में बच्चे के पेट के बाईं ओर गोली लगने जैसा गहरा घाव पाया गया है। परिजन अस्पताल में वह गोली भी साथ लेकर आए थे, जिसे पुलिस को सौंपने के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। अस्पताल की सर्जरी और बाल रोग (पीडियाट्रिक) विशेषज्ञों की संयुक्त टीम बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता दी जा चुकी है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पूरी विस्तृत मेडिकल व फॉरेंसिक जांच के बाद ही चोट की वास्तविक गहराई व स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अस्पताल से निकाली गई गोली को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में यह पता लगाने में जुट गई है कि दिवाली की रात उस क्षेत्र में किसने हथियार का इस्तेमाल या हवाई फायरिंग की थी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!