Edited By Urmila,Updated: 03 Nov, 2026 01:36 PM

दिवाली से पहले खन्ना में नकली सामान बेचने के मामले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संबंधित कंपनी की टीम ने पुलिस के साथ शहर के अमलोह रोड पर स्थित बड़े क्रॉकरी शोरूम पंजाब क्रॉकरी पर रेड की।
खन्ना (विपन): दिवाली से पहले खन्ना में नकली सामान बेचने के मामले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संबंधित कंपनी की टीम ने पुलिस के साथ शहर के अमलोह रोड पर स्थित बड़े क्रॉकरी शोरूम पंजाब क्रॉकरी पर रेड की। इस दौरान शोरूम से लाखों रुपये का नकली सामान बरामद हुआ। आरोप है कि शोरूम में वर्साचे कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट सामान बेचा जा रहा था। कंपनी की टीम की इस कार्रवाई से शोरूम में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, दिवाली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में क्रॉकरी और घरेलू सामान की बिक्री काफी बढ़ जाती है। इसका फायदा उठाकर कुछ शोरूम मालिक और दुकानदार मशहूर विदेशी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली सामान बेचकर ग्राहकों को गुमराह कर रहे हैं। वर्साचे कंपनी के अधिकारी राजिंदर अपनी टीम के साथ मोरिंडा से खन्ना पहुंचे थे। उनके साथ कंपनी के लीगल ऑफिसर भी मौजूद थे।
कंपनी को शिकायत मिली थी कि खन्ना में पंजाब क्रॉकरी शोरूम में वर्साचे ब्रांड जैसा डुप्लीकेट सामान बेचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी की टीम ने मामले की जांच की और पुलिस के साथ शोरूम पर रेड की। रेड के दौरान टीम ने शोरूम में रखे सामान की अच्छी तरह से जांच की। इस दौरान विदेशी कंपनी के नाम और ब्रांड से जुड़ा लाखों रुपये का नकली सामान बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि यह सामान ग्राहकों को असली ब्रांड का बताकर बेचा जा रहा था।

कंपनी के लीगल ऑफिसर ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि पंजाब क्रॉकरी में वर्साचे कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचा जा रहा है। इसमें डिनर सेट, गिलास और प्लेट शामिल थे। इनकी असली कीमत लाखों रुपये है, जबकि इन्हें ढाई से तीन हजार रुपये में बेचा जा रहा था। उन्होंने बताया कि अब कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग की गई है। दूसरी ओर, मौके पर मौजूद सिटी पुलिस स्टेशन-2 के ASI हरनेक सिंह ने बताया कि वह कंपनी की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here