Edited By Urmila,Updated: 07 Mar, 2026 04:06 PM

फरीदकोट पुलिस ने नकली पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को गुमराह करने वाले एक जालसाज व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
फरीदकोट (राजन): फरीदकोट पुलिस ने नकली पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को गुमराह करने वाले एक जालसाज व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से हरियाणा पुलिस के एस.आई. का फर्जी आईकार्ड और एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार बरामद की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह ने बताया कि एस.एस.पी. फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत यह कार्रवाई की गई। यह सफलता डी.एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह की सीधी निगरानी में सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट और थाना सदर फरीदकोट की टीमों द्वारा संयुक्त कार्रवाई के दौरान हासिल हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गुरमंगत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव रत्ताखेड़ा, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च को सहायक थानेदार रवि कांत पुलिस पार्टी के साथ गांव टहिणा में लगाए गए हाईटेक नाके पर मौजूद थे। इस दौरान एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार को रुकने का इशारा किया गया। कार के ड्राइवर ने बताया कि यह हाईकोर्ट के जज की गाड़ी है। जब उससे ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो उसने खुद को हरियाणा पुलिस का सब इंस्पेक्टर बताते हुए गुरमंगत सिंह के नाम का फर्जी आईकार्ड दिखाया लेकिन जब पुलिस ने उसकी तैनाती के बारे में पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पुलिस के साथ बहस करने लगा। इसके बाद उसने पुलिस कर्मचारी को टक्कर मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फरीदकोट पुलिस ने जिले भर में तुरंत नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान सहायक थानेदार राज सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ बीड़ चहल इलाके से आरोपी को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया। एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी ने और भी कई फर्जी आईडी कार्ड तैयार किए हुए थे। इसके अलावा उसने अपनी गाड़ी पर फ्लैशर लाइट और हाईकोर्ट के जजों के फर्जी स्टिकर भी लगा रखे थे, ताकि लोगों को गुमराह किया जा सके। इस संबंध में थाना सदर फरीदकोट में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here