Punjab: बिजली के बढ़े हुए बिलों ने बढ़ाई चिंता, उपभोक्ताओं को लगा झटका

Edited By Vatika,Updated: 16 Sep, 2026 11:40 AM

electricity bill

बिजली के ज्यादा आए बिलों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है।

जीरकपुर: बिजली के ज्यादा आए बिलों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। दरअसल, बिलों में सुधार करवाने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता पावरकॉम कार्यालय पहुंचे, जिसके चलते सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके बिजली बिल मीटर की वास्तविक रीडिंग से मेल नहीं खा रहे हैं। कई मामलों में हजारों रुपए अधिक की राशि दर्शाई गई है। उपभोक्ता प्रवण शर्मा, जतिंदर सिंह, मनिंदर आहूजा, सागर गोयल, जशन कुमार, कांता देवी, सुमन लता और लखबीर सिंह ने बताया कि वे सुबह से बिलों में सुधार करवाने के लिए कतार में खड़े हैं। गलत बिल आने के कारण पहले परेशानी झेलनी पड़ती है और इसके बाद बिल ठीक करवाने के लिए कार्यालय में घंटों इंतजार करना पड़ता है।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बिल में दर्ज मीटर रीडिंग और राशि उनके मीटर की वास्तविक रीडिंग से मेल नहीं खा रही है। बिलों की जांच और सुधार के लिए बड़ी संख्या में लोगों को कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों और अपना काम छोड़कर आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने मांग की कि बिजली के बिल मीटर की सही रीडिंग के आधार पर जारी किए जाएं, ताकि लोगों को बिलों में सुधार के लिए बार-बार पावरकॉम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

मीटर रीडरों की हड़ताल से प्रभावित हुई बिलिंग
पावरकॉम के उपमंडल अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि पिछले दिनों मीटर रीडरों की हड़ताल के कारण बिलिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, जिसके चलते कुछ बिलों में दिक्कत सामने आई है। उन्होंने कहा कि कार्यालय पहुंच रहे उपभोक्ताओं के बिलों की जांच कर मौके पर ही सुधार किया जा रहा है। साथ ही कोशिश की जा रही है कि किसी भी उपभोक्ता को बेवजह परेशानी न उठानी पड़े।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!