Edited By Vatika,Updated: 03 Nov, 2026 03:11 PM

स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख का आज मॉडल टाउन
जालंधर(सोनू): स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख का आज जालंधर के मॉडल टाउन श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पंजाबी गायक जैजी बी, इंदर चहल, गिप्पी ग्रेवाल समेत कई गायक और अन्य हस्तियां दिनेश औलख के घर पहुंचीं। इसके बाद फूलों से सजी गाड़ी में दिवित की अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों सहित वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं।
गौरतलब है कि रविवार देर रात जालंधर में हुए भीषण सड़क हादसे में दिवित औलख की मौत हो गई थी। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ था। दिवित अपने दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी से कार में घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दोनों युवकों की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे युवक की पहचान पप्पी स्वीट्स परिवार से जुड़े आरव तलवाड़ के रूप में हुई थी। उनका अंतिम संस्कार रविवार को हरनामदासपुरा स्थित श्मशानघाट में कर दिया गया। आरव अमरनाथ तलवाड़ के पोते और मनोज तलवाड़ के बेटे थे। अंतिम संस्कार के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।