नक्शे और NOC का काम हुआ ठप, बड़ी संख्या में फाइलें पेंडिंग, जानें क्यों

Edited By Kalash,Updated: 22 Oct, 2026 10:13 AM

building plans and noc work pending

लोकल बॉडीज विभाग की ओर से नक्शे और एनओसी पास करने के लिए शुरू किया गया नया एम-सेवा पोर्टल अभी तक कामयाब नहीं हो पाया है।

जालंधर (खुराना): लोकल बॉडीज विभाग की ओर से नक्शे और एनओसी पास करने के लिए शुरू किया गया नया एम-सेवा पोर्टल अभी तक कामयाब नहीं हो पाया है। पोर्टल में लगातार आ रही दिक्कतों के कारण नगर निगमों में नक्शे और एनओसी पास करने का काम प्रभावित हो रहा है। बड़ी संख्या में फाइलें पेंडिंग पड़ी हैं और आर्किटैक्ट, इंजीनियरों के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब पुराने ई-नक्शा पोर्टल को दोबारा शुरू करने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।

इस समस्या को लेकर आज इंजीनियर एंड बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन की बैठक प्रधान इंजीनियर सुनील कत्याल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्यों ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से पुराने ई-नक्शा पोर्टल पर नई फाइलें अपलोड नहीं हो पा रही थीं। इसके बाद सरकार ने एम-सेवा पोर्टल शुरू किया, लेकिन इस पर भी काम पूरी तरह सुचारू नहीं हो सका। एसोसिएशन के अनुसार, नए पोर्टल पर फाइलें अपलोड होकर बिल्डिंग इंस्पेक्टर तक तो पहुंच जाती हैं, लेकिन बिल्डिंग ब्रांच के सरकारी अधिकारियों की आईडी नहीं बनने के कारण फाइलों को आगे बढ़ाने और मंजूरी देने का काम रुका हुआ है। इस कारण नई फाइलें पास नहीं हो पा रही हैं और पहले से जमा फाइलों की पेंडेंसी लगातार बढ़ रही है।

सरकार के रैवेन्यू पर भी पड़ रहा असर 

नक्शे और एन.ओ.सी. पास करने का काम प्रभावित होने से सरकार और नगर निगमों के रेवेन्यू पर भी असर पड़ रहा है। नए निर्माण के लिए नक्शे पास न होने और एनओसी नहीं मिलने के कारण आम लोगों के घर बनाने के सपने भी प्रभावित हो रहे हैं। एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि नक्शा पास करवाना और जरूरी एनओसी लेना निर्माण प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। इनके बिना लोगों को बैंक से निर्माण के लिए लोन लेने में भी परेशानी आती है। एसोसिएशन ने कहा कि पोर्टल की तकनीकी कमियों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी कामकाज के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिल सके।

पुराना पोर्टल दोबारा शुरू करने पर हो सकता है फैसला 

एम-सेवा पोर्टल पर आ रही लगातार दिक्कतों के चलते अब पुराने ई-नक्शा पोर्टल को दोबारा लागू करने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस संबंध में फैसला लिए जाने की संभावना है। एसोसिएशन के सदस्यों ने सरकार से मांग की कि यदि एम-सेवा पोर्टल को पूरी तरह सुचारू नहीं किया जा सकता तो पुराने ई-नक्शा पोर्टल को दोबारा शुरू किया जाए, ताकि नक्शे और एनओसी पास करने का काम फिर से सामान्य हो सके। बैठक में एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी इंजीनियर राजविंदर सिंह राजा, इंजीनियर रणजीत सिंह बेदी, इंजीनियर मनहर, इंजीनियर तरनजीत सिंह, इंजीनियर रजनीश और इंजीनियर जसपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!