Edited By Vatika,Updated: 15 Jun, 2026 12:43 PM

महानगर में देर रात एक पीजी (पेइंग गेस्ट) के अंदर प्रेम-प्रसंग के चलते खूनी खेल खेले जाने का सनसनीखेज मामला
लुधियाना(राज): महानगर में देर रात एक पीजी (पेइंग गेस्ट) के अंदर प्रेम-प्रसंग के चलते खूनी खेल खेले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक पर युवती (प्रेमिका) ने ही तेजधार चाकू से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की। घायल युवक को बेहद गंभीर हालत में सीएमसी (CMC) अस्पताल दाखिल करवाया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता लवप्रीत सिंह ने बताया कि बीती 12 जून की रात करीब 11:30 बजे उसका दोस्त मनप्रीत सिंह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए विक्रमजीत सिंह के पीजी के अंदर गया था। उस वक्त शिकायतकर्ता और उसका दूसरा दोस्त सुखवीर सिंह पीजी के बाहर ही खड़े होकर उसका इंतजार कर रहे थे। अभी कुछ ही समय बीता था कि अचानक पीजी के अंदर से मनप्रीत सिंह की चीखने-चिल्लाने और जान बचाने की आवाजें आने लगीं। अंदर से आ रही खौफनाक आवाजें सुनकर बाहर खड़े दोनों दोस्त सहम गए और तुरंत भागकर पीजी के भीतर दाखिल हुए तो मनप्रीत सिंह सीढ़ियों के पास खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिरा हुआ तड़प रहा था और उसके शरीर से तेजी से खून बह रहा था। वहीं पास ही खुशी नाम की लड़की खड़ी थी।
आरोपी लड़की खुशी के खिलाफ केस दर्ज
तड़प रहे मनप्रीत सिंह ने बेहद मुश्किल से अपने दोस्तों को बताया कि उसे जान से मारने की नीयत से चाकू घोंपा गया है। दोस्तों ने बिना वक्त गंवाए लहूलुहान मनप्रीत को तुरंत गंभीर हालत में सीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस खूनी वारदात के संबंध में शिकायत के आधार पर आरोपी लड़की खुशी के खिलाफ थाना साहनेवाल की पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।