Edited By Kalash,Updated: 24 May, 2026 12:54 PM

अमृतसर के जिला स्तरीय सिविल अस्पताल में तैनात एक सीनियर डॉक्टर पर मेडिकल लीगल रिपोर्ट देने के बदले 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं।
अमृतसर (दलजीत): अमृतसर के जिला स्तरीय सिविल अस्पताल में तैनात एक सीनियर डॉक्टर पर मेडिकल लीगल रिपोर्ट देने के बदले 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में सिविल सर्जन को लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 की एक मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार करने की एवज में कथित तौर पर मोटी रकम की मांग की गई। शिकायत सामने आते ही सिविल सर्जन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और सहायक सिविल सर्जन के नेतृत्व में एक विशेष जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। विभाग की ओर से जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता ने सीनियर अधिकारी तथा दर्जा चार कर्मचारियों पर विभाग को दिए पत्र में रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपने बयान भी दर्ज करवा दिए हैं और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। स्वास्थ्य विभाग इस मामले को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।
शिकायतकर्ता से मांगे ठोस सबूत
सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह बजाज ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तुरंत सहायक सिविल सर्जन को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच कमेटी के सामने शिकायतकर्ता अपने बयान दर्ज करवा चुका है। अगर शिकायतकर्ता के पास कोई ठोस सबूत या वीडियो रिकॉर्डिंग है तो उसे पेश किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोनों पक्षों को बुलाकर निष्पक्ष जांच की जाए और सच्चाई की तह तक पहुंचा जाए। जांच पूरी होने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद
आरोपों में घिरे सीनियर डॉक्टर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठा और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि अपनी 28 साल की सेवा के दौरान उन्होंने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा से काम किया है और कभी रिश्वतखोरी जैसी हरकत नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर शिकायतकर्ता के पास कोई सबूत है तो उसे सामने लाया जाए। उनका कहना है कि वह भविष्य में भी इसी ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करते रहेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here