Edited By Kalash,Updated: 16 Aug, 2026 04:52 PM

पूर्व रेल राज्य मंत्री और BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के लिए 1,419 करोड़ रुपये के एक बड़े रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है।
चंडीगढ़ (अंकुर): पूर्व रेल राज्य मंत्री और BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के लिए 1,419 करोड़ रुपये के एक बड़े रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। बिट्टू ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से सरहदी इलाकों को सीधे रेलवे नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
बिट्टू के मुताबिक ब्यास से कादियां और आगे बटाला-कादियां लाइन को जोड़ने सहित पंजाब के सरहदी इलाकों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए महत्वपुर्ण प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि इससे ब्यास और श्री अमृतसर साहिब से आने वाली लाइनों को पठानकोट से आने वाले रूट से जोड़ा जा सकेगा और सरहदी इलाकों के लिए सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट के लिए करीब 166 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। जमीन अधिग्रहण, सिविल वर्क, सिग्नलिंग, वायरिंग और बिजली के काम समेत कई कामों पर बड़ी रकम खर्च होगी। बिट्टू ने कहा कि इस प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 1,419 करोड़ रुपये है।
बिट्टू ने आरोप लगाया कि ये प्रोजेक्ट पहले भी सरकारों की लापरवाही के कारण लटकता रहा है। अगर इसे समय पर अमल में लाया जाता तो इसकी लागत काफी कम होती पर देरी के कारण आज प्रोजेक्ट की लागत कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि जब यह प्रोजेक्ट पहली बार तैयार किया गया था, तो लागत लगभग 500 करोड़ रुपये थी, जबकि बाद में यह 841 करोड़ रुपये और अब 1,419 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि यह लोगों के टैक्स का पैसा है और अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। बिट्टू ने चेतावनी दी कि अगर मंजूर प्रोजेक्ट्स में बेवजह देरी हुई, तो वह आने वाले दिनों में जमीनी स्तर पर मामले उठाएंगे और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही की मांग करेंगे। उन्होंने पंजाब की सभी राजनीतिक पार्टियों और किसान संगठनों से भी अपील की कि वे पंजाब के लिए मंजूर रेलवे प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने के लिए एकजुट हों।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here