Edited By Vatika,Updated: 16 Jun, 2026 04:04 PM

र्मकोट के चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में मंगलवार सुबह बेअदबी की कोशिश की गई।
मोगा: धर्मकोट के चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में मंगलवार सुबह बेअदबी की कोशिश की गई। गुरुद्वारा साहिब बस्ती के बाहरी क्षेत्र में रहने वाले परिवारों द्वारा बनाया गया है। उक्त घटना कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे गुरुद्वारे के ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह नितनेम करने के बाद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर पास के एक परिवार को सूचना देकर अपने घर धर्मकोट लौट गए। इसी दौरान कैपरी पहने और कटे बालों वाला एक युवक गुरुद्वारे पहुंचा। उसने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पहले उसने गुरुद्वारे की गोलक से छेड़छाड़ की और बाद में सुख आसन स्थल तक पहुंच गया। इसी दौरान पीछे स्थित एक घर की महिला, जो छत पर मौजूद थी, ने युवक को देखकर शोर मचा दिया।
सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान बलविंदर सिंह, समिति के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तथा युवक को पकड़ लिया, जो पास के गांव जलालाबाद पूर्वी का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से जर्दा-तंबाकू भी बरामद हुआ। हालांकि आरोपी की वास्तविक मंशा अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस फिलहाल इस घटना को चोरी के प्रयास के एंगल से भी जांच रही है। समिति की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।