Edited By Vatika,Updated: 17 Aug, 2026 03:33 PM

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
लुधियाना (राज): न्यू माधोपुरी इलाके में मास्टर तारा सिंह कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंशिका ने अपने घर में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका भाई अपनी दुकान पर गया हुआ था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना मेहरबान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिवार में किसी भी तरह का नहीं था विवाद
जानकारी के अनुसार, न्यू माधोपुरी कॉलोनी की रहने वाली अंशिका मास्टर तारा सिंह कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी। रविवार को जब उसका भाई दुकान पर गया हुआ था, तब अंशिका ने कमरे में छत वाले पंखे के साथ अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका के भाई राहुल ने बताया कि उनके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और अंशिका दो भाइयों की इकलौती बहन थी। वह पढ़ाई के साथ-साथ घर पर ही सिलाई का काम करती थी और अपना बुटीक चलाती थी। राहुल के मुताबिक, परिवार में किसी भी तरह का कोई विवाद या लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था और न ही उन्हें किसी व्यक्ति पर कोई शक है।
मृतका के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच
परिजनों का कहना है कि अंशिका पिछले कुछ समय से दिमागी तौर पर परेशान रहती थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस और परिजनों ने मृतका के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच की, लेकिन उसमें कोई भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या जानकारी सामने नहीं आई। इसके अलावा कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। थाना मेहरबान के जांच अधिकारी सुदेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।