Edited By Kalash,Updated: 01 Jul, 2026 09:52 AM

महानगर में बिजली के अघोषित कटों से परेशान कुछ शरारती और उग्र तत्वों द्वारा कानून को अपने हाथ में लेने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर में बिजली के अघोषित कटों से परेशान कुछ शरारती और उग्र तत्वों द्वारा कानून को अपने हाथ में लेने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बीती 29 जून की रात को सिस्टम ओवरलोड होने के कारण जब बिजली बंद की गई, तो गुस्से से आगबबूला हुए कुछ लोगों ने गोसगढ़ स्थित 220-KV बिजली ग्रिड पर धावा बोल दिया। हुड़दंगियों ने वहां ड्यूटी पर तैनात पावरकॉम (PSPCL) के कर्मचारी के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश भी की। इस दौरान सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह मुकदमा सहायक कार्यकारी इंजीनियर/टेक-2 (सुंदर नगर, लुधियाना) के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि 29 जून की रात को ग्रिड का सिस्टम अचानक ओवरलोड हो गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पावर कंट्रोलर पटियाला की ओर से बिजली बंद करने की सख्त हिदायत जारी की गई थी। आदेशों का पालन करते हुए जैसे ही ग्रिड से बिजली बंद की गई, इलाके में अंधेरा छा गया। बिजली गुल होते ही कुछ अज्ञात और उग्र व्यक्ति भड़क गए और सीधे गोसगढ़ ग्रिड के भीतर घुस आए। उन्होंने वहां अपनी ड्यूटी निभा रहे PSPCL कर्मचारी हृदय राम यादव को घेर लिया।
हुड़दंगियों ने उनके साथ बदतमीजी की सारी हदें पार करते हुए गाली-गलौज की और उन पर हमला करने की कोशिश की। पीड़ित कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए हमलावरों ने उन्हें सरेआम बेहद आपत्तिजनक 'जातिसूचक शब्द' भी बोले, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए लोगों का हुड़दंग यहीं नहीं रुका, उन्होंने सरकारी संपत्ति को निशाना बनाते हुए 220-KV बिजली ग्रिड गोसगढ़ के मेन गेट पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह तोड़ डाला। घटना के बाद ग्रिड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना मेहरबान की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, कर्मचारी पर हमला करने, जातिसूचक शब्द बोलने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुड़दंग मचाने वाले आरोपियों की पहचान कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here