Edited By Kamini,Updated: 14 Sep, 2026 06:59 PM
खन्ना पुलिस ने लूट-खोह और ट्रक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
खन्ना (विनायक): खन्ना पुलिस ने लूट-खोह और ट्रक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर लूटा गया आयशर ट्रक तथा स्क्रैप बेचकर हासिल की गई 1 लाख 10 हजार 179 रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े आरोपियों से पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई खन्ना पुलिस की ओर से बुरे तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत डीएसपी सब-डिवीजन खन्ना विनोद कुमार, थाना सदर खन्ना के मुख्य अधिकारी, इंचार्ज स्पेशल ब्रांच तथा इंचार्ज टेक्निकल सैल के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा की गई।
ड्राइवर को पीटकर ट्रक सहित ले गए थे आरोपी
पुलिस के पास दर्ज मामले के अनुसार 30 अगस्त 2026 को सुमित सहगल पुत्र महिंदर कुमार सहगल निवासी राजपुरा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी कंपनी का आयशर ट्रक नंबर पीबी.-11-बीआर.-9889 बचन सिंह नामक ड्राइवर पिछले करीब 12-13 वर्षों से चला रहा था। 29 अगस्त की रात करीब 9 बजे 4-5 अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर ट्रक में दाखिल हो गए और ड्राइवर की मारपीट करने के बाद उसे ट्रक में ही अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए और ड्राइवर को रास्ते में किसी सुनसान जगह पर ट्रक से नीचे फेंक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर खन्ना में मुकदमा नंबर 274 दिनांक 30.08.2026 के तहत धारा 303(2) बी.एन.एस. के अधीन मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से गिरोह तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मानवीय स्रोतों, तकनीकी साधनों तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। इस दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल बताए जा रहे चेतन कुमार उर्फ लाडी पुत्र प्रेम प्रकाश तथा प्रेम प्रकाश पुत्र रतन चंद, दोनों निवासी ताजपुर रोड, गांव भामियां, शांति विहार कालोनी, लुधियाना को ट्रेस करके गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मुकदमे में धारा 303(2) के साथ 309(4), 309(6) तथा 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पूछताछ के दौरान उक्त आरोपियों द्वारा कथित तौर पर बताया गया कि उन्होंने अपने साथी तरुण कुमार उर्फ तरुण सिंह पुत्र कश्मीरा लाल निवासी फरीदाबाद के साथ मिलकर ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
1700 किलोमीटर दूर बागडोगरा से काबू किया मुख्य आरोपी
तरुण कुमार की गिरफ्तारी के लिए खन्ना पुलिस की ओर से विशेष टीमें तैयार करके बाहरी राज्यों की ओर भेजी गईं। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि तरुण अपना ठिकाना छोड़कर पश्चिम बंगाल की ओर चला गया है। इसके बाद मानवीय और तकनीकी स्रोतों की मदद से खन्ना पुलिस की टीम ने करीब 1700 किलोमीटर का सफर तय करके आरपीएफ की मदद से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से उसे काबू किया। पुलिस के अनुसार तरुण द्वारा कथित तौर पर लूटे गए ट्रक में लोड स्क्रैप बेचकर हासिल की गई 1,10,179 रुपए की नकदी भी बरामद की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तरुण कुमार कथित तौर पर जसप्रीत सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी संत नगर, लुधियाना की पहचान का इस्तेमाल करते हुए रेल के माध्यम से पश्चिम बंगाल पहुंचा था।
जाली पहचान के सहारे करता था आवागमन
पुलिस जांच में कथित तौर पर यह भी सामने आया कि आरोपी तरुण द्वारा विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर जाली पहचान पत्र तैयार करके उनका इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस की ओर से इस संबंध में जालसाजी से संबंधित धाराएं भी मामले में शामिल की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शारीरिक रूप-रंग में भी बदलाव किया होने की बात जांच के दौरान सामने आई है। पुलिस की ओर से तरुण को बागडोगरा एयरपोर्ट से हवाई जहाज के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर लूटा गया आयशर ट्रक नंबर पीबी.-11-बीआर.-9889 हरियाणा के चीका की अनाज मंडी से बरामद करवाया गया।
स्क्रैप खरीदने वाले दो व्यक्ति भी मामले में नामजद
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि लूटे गए ट्रक में लोड स्क्रैप लोहा उनके द्वारा गणेश कुमार तथा विकास राय पुत्र गणेश कुमार, निवासी हेतराम कालोनी, हरियाणा को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस द्वारा दोनों को भी मामले में नामजद करते हुए धारा 317(2) बी.एन.एस. की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को विकास राय को दिल्ली से गिरफ्तार करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी इस समय पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
तरुण पर कई राज्यों में 25-30 वारदातों में शामिल होने का दावा
पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय तरुण कुमार, जो मूल रूप से कुलगढ़ी, फिरोजपुर का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में फरीदाबाद में रहता था, ने पूछताछ के दौरान करीब 25-30 वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या तथा ट्रक लूटने/चोरी करने सहित करीब 13 से 15 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इनमें करीब 5 मामले कमिश्नरेट लुधियाना, 2 खन्ना, 5 हरियाणा के झज्जर, फरीदाबाद और गुरुग्राम तथा एक मामला फतेहगढ़ साहिब से संबंधित बताया गया है। पुलिस के अनुसार 33 वर्षीय चेतन कुमार उर्फ लाडी, निवासी जमालपुर, लुधियाना के खिलाफ बैटरी चोरी और ट्रक लूट से संबंधित 8 से 10 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक इनमें फरीदाबाद के 3, कमिश्नरेट लुधियाना के 3, फतेहगढ़ साहिब का 1 तथा खन्ना का 1 मामला शामिल है।
अन्य वारदातों और साथियों संबंधी पूछताछ जारी
खन्ना पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपियों से उनके अन्य साथियों, चोरी और लूट किए गए वाहनों, स्क्रैप की खरीद-फरोख्त तथा जाली पहचान पत्रों के इस्तेमाल संबंधी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here