Edited By Kamini,Updated: 31 Mar, 2026 11:49 AM

शहर में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया।
जालंधर: शहर में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार बुट्टा मंडी इलाके में एक बिरयानी की दुकान पर ग्राहकों और दुकानदार के बीच हुए विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। बताया जा रहा है कि सोमवार रात 11 बजे हंगाम हुआ। इस दौरान ठंडी बिरयानी परोसने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राहकों ने शिकायत की कि उन्हें जो बिरयानी दी गई वह ठंडी थी। जब उन्होंने उसे गर्म करने के लिए कहा, तो आरोप है कि दुकानदार ने तुरंत ध्यान नहीं दिया और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। वहीं दुकानदार का कहना है कि उसने ग्राहकों से कुछ समय इंतजार करने को कहा था, लेकिन बात को गलत समझ लिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बहस बढ़ने के साथ ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर खाना बनाने वाले बड़े पतीले से हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में भीड़ इकट्ठा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि झगड़ा किस कारण बढ़ा और हमला किसने किया। शहर के व्यस्त इलाके में खाने को लेकर हुआ यह विवाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here