Tarn Taran Firing:बाइक सवार हमलावरों ने युवक पर चलाई अंधाधुंध गोलियां, इलाके में दहशत

Edited By Kamini,Updated: 07 Nov, 2026 02:46 PM

tarn taran firing

विधानसभा हलका पट्टी के अंतर्गत आते कस्बा ठट्ठियां महंतां में शुक्रवार देर शाम उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब मोटरसाइकिल सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए अचानक गोलियां चला दीं।

तरनतारन (रमन) : विधानसभा हलका पट्टी के अंतर्गत आते कस्बा ठट्ठियां महंतां में शुक्रवार देर शाम उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब मोटरसाइकिल सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए अचानक गोलियां चला दीं। इस वारदात में 2 गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मोटरसाइकिल सहित मौके से फरार हो गए।

उधर, थाना सरहाली की पुलिस ने घायल युवक के पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पवनप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव ठट्ठियां महंतां शुक्रवार देर शाम गांव में स्थित एक करियाने की दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों ने कुल 3 गोलियां चलाईं, जिनमें से 2 गोलियां पवनप्रीत सिंह के शरीर में जा लगीं। गोलियां लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस बीच दोनों हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल पवनप्रीत सिंह को उपचार के लिए सबसे पहले सरहाली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गुरु नानक देव मल्टीस्पैशलिटी अस्पताल, तरनतारन पहुंचाया गया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। दूसरी ओर, गोलीबारी की इस घटना की सूचना मिलते ही थाना सरहाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान करने तथा वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। सरेशाम हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सरहाली के प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि घायल युवक पवनप्रीत सिंह के पिता कुलवंत सिंह के बयानों के आधार पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अलर्ट जारी कर दिया गया है तथा उनकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि गोलीबारी की इस वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!