Edited By Subhash Kapoor,Updated: 02 Nov, 2026 10:59 PM

जिले के ऐतिहासिक कस्बा खडूर साहिब में उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर किरच से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
तरनतारन (रमन) : जिले के ऐतिहासिक कस्बा खडूर साहिब में उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर किरच से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खडूर साहिब निवासी सुखकीरत सिंह (21) पुत्र तजिंदर सिंह पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान किरच लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही थाना श्री गोइंदवाल साहिब की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे युवकों के बीच किसी बात को लेकर चल रही आपसी रंजिश है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डी.एस.पी. गोइंदवाल साहिब हरिंदर सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल तथा आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना श्री गोइंदवाल साहिब में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।