Edited By Kalash,Updated: 04 Jun, 2026 11:29 AM

गुरदासपुर के जेल रोड पर दिनदहाड़े झपटमारी की एक वारदात सामने आई है।
गुरदासपुर (हरमन): गुरदासपुर के जेल रोड पर दिनदहाड़े झपटमारी की एक वारदात सामने आई है। एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने दवा लेने जा रही महिला के कान से सोने की बाली छीन ली। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रेखा ने बताया कि वह अपने पति विक्रम कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर बाबोवाल की ओर दवा लेने जा रही थी। शाम करीब 4:45 बजे जब वे जेल रोड स्थित हैप्पी हाई स्कूल और बाबोवाल मोड़ के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने झटके से उसके कान से सोने की बाली खींच ली और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता के अनुसार छीनी गई सोने की बाली की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। झपटमारी के दौरान कान पर चोट भी लगी है। परिवार ने बताया कि आरोपी ने मैरून रंग का परना बांधा हुआ था, चेकदार शर्ट पहन रखी थी और चेहरे को रुमाल से ढका हुआ था। वह अकेला ही प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार था। बाइक पर नंबर प्लेट लगी हुई थी, लेकिन उस पर कोई नंबर दर्ज नहीं था।
घटना के पास स्थित एक कपड़ों की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की बाइक की तस्वीर भी कैद हुई है। विक्रम कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने आरोपी का एसएसपी आवास तक पीछा किया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी बाइक की गति धीमी थी, जिससे वे गिरने से बच गए, अन्यथा कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनका लूटा गया सामान बरामद कराया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here