Edited By Kalash,Updated: 22 Oct, 2026 04:48 PM

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को सुविधाजनक चुनावी सेवाएं उपलब्ध करवाने और पोलिंग स्टेशनों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के संबंध में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) गुरसिमरन सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों...
गुरदासपुर (हरमन): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाताओं को सुविधाजनक चुनावी सेवाएं उपलब्ध करवाने और पोलिंग स्टेशनों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के संबंध में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) गुरसिमरन सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की गई।
बैठक के दौरान पोलिंग स्टेशनों की मौजूदा स्थिति, मतदाताओं के वितरण और फोटो मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम के बारे में विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक पोलिंग स्टेशन के लिए अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा निर्धारित की गई है। युक्तिकरण की प्रस्तावित प्रक्रिया के बाद जिले में कुल पोलिंग स्टेशनों की संख्या बढ़कर 1608 हो गई है, जबकि पहले यह संख्या 1600 थी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 4-गुरदासपुर में पहले भी 212 पोलिंग स्टेशन थे और अब भी इनकी संख्या 212 है। इसी तरह 5-दीनानगर (एससी) में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 234 से बढ़कर 235, 6-कादियां में 228 से बढ़कर 234, 7-बटाला में 214 से 214, 8-श्री हरगोबिंदपुर (एससी) में 231 से बढ़कर 232, 9-फतेहगढ़ चूड़ियां में 231 से घटकर 230 और 10-डेरा बाबा नानक में 250 से बढ़कर 251 हो गई है।
उन्होंने बताया कि उक्त प्रक्रिया के तहत जिले में 9 नए पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जबकि एक पोलिंग स्टेशन का विलय किया गया है। विधानसभा क्षेत्र 9-फतेहगढ़ चूड़ियां के पोलिंग स्टेशन नंबर 29 और 31 को पोलिंग स्टेशन नंबर 28 और 30 में मर्ज किया गया है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि मौजूदा इमारतों की स्थिति और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ पोलिंग स्टेशनों की इमारतों में बदलाव किया गया है।
इन पोलिंग स्टेशनों के स्थान बदले गए हैं
विधानसभा क्षेत्र 5-दीनानगर (एससी) के पोलिंग स्टेशन नंबर 120 को चौधरी जय मुन्नी सेन सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां), दीनानगर से बदलकर सरकारी प्राइमरी स्कूल, आदर्श कॉलोनी, दीनानगर में स्थापित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र 6-कादियां के पोलिंग स्टेशन नंबर 54 को सरकारी प्राइमरी स्कूल, अहमदाबाद से बदलकर आंगनवाड़ी केंद्र, दीनपुर में स्थापित किया गया है। इसी विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन नंबर 91 को सरकारी हाई स्कूल, काला बाला से बदलकर सरकारी प्राइमरी स्कूल, काला बाला में स्थापित किया गया है।
विधानसभा क्षेत्र 9-फतेहगढ़ चूड़ियां के पोलिंग स्टेशन नंबर 35 और 37 को एलएमएसडी स्कूल, फतेहगढ़ चूड़ियां से बदलकर जीजीएसएसएस, फतेहगढ़ चूड़ियां में स्थापित किया गया है। इसी तरह पोलिंग स्टेशन नंबर 38 को एलएमएसडी स्कूल, फतेहगढ़ चूड़ियां से बदलकर पीएम श्री जीएसएस, फतेहगढ़ चूड़ियां में स्थापित किया गया है। पोलिंग स्टेशन नंबर 63 को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काला अफगाना से बदलकर आंगनवाड़ी केंद्र, काला अफगाना में स्थापित किया गया है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने चुनाव अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पारदर्शी ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं की सुविधा और शुद्ध मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के महत्वपूर्ण आधार हैं। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार गुरदासपुर मनजिंदर सिंह भी उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here