जालंधर: 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला, महज 10 घंटे में आरोपी 'घोड़ा' काबू

Edited By Kalash,Updated: 25 Aug, 2026 10:05 AM

punjab police arrested accused

थाना मकसूदां के अधीन आते गांव रंधावा मसंदां में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पत्थरों से वार कर बेरहमी से हत्या करने के मामले को पुलिस ने महज 10 घंटे में सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जालंधर (सुनील): थाना मकसूदां के अधीन आते गांव रंधावा मसंदां में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पत्थरों से वार कर बेरहमी से हत्या करने के मामले को पुलिस ने महज 10 घंटे में सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान राम प्रकाश उर्फ दानू पुत्र नामा राम निवासी गांव रंधावा मसंदां के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गत दिवस गांव की ग्राऊंड में राम प्रकाश का शव मिला था। उसके सिर पर भारी पत्थरों से वार किए गए थे। आशंका जताई गई कि पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। दोपहर करीब 12 बजे शव मिलने की सूचना थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी तरीके से जांच शुरू करते हुए विभिन्न स्रोतों को सक्रिय किया।

पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर करीब 10 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी राजीव कुमार उर्फ घोड़ा पुत्र रूप लाल निवासी गांव रंधावा मसंदां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के दौरान मृतक राम प्रकाश का मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास कर रही है।

ग्राऊंड में साथ बैठकर पी थी शराब 

सूत्रों के अनुसार 22 अगस्त की देर रात करीब 8 से 10 बजे के बीच राम प्रकाश उर्फ दानू और आरोपी राजीव उर्फ घोड़ा गांव रंधावा मसंदां की ग्राऊंड में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जो हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि इसके बाद राजीव ने राम प्रकाश पर पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

सी.सी.टी.वी. फुटेज भी बनी जांच में अहम कड़ी 

हत्या की गुत्थी सुलझाने में सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज ने भी पुलिस की मदद की। जांच के दौरान मृतक राम प्रकाश की साइकिल आरोपी राजीव चलाता हुआ दिखाई दिया, जिससे पुलिस को मामले की कड़ियां जोड़ने में महत्वपूर्ण सुराग मिला।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!