बिजली फाल्ट ठीक कर रहे PSPCL कर्मियों पर हमला, शराबियों ने 10-12 साथियों संग बेरहमी से पीटा

Edited By Vatika,Updated: 19 Jun, 2026 09:13 AM

pspcl personnel repairing a power fault attacked

डाबा के ज्ञान चंद नगर इलाके में देर रात बिजली का फाल्ट ठीक कर रहे पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL)

लुधियाना (राज): डाबा के ज्ञान चंद नगर इलाके में देर रात बिजली का फाल्ट ठीक कर रहे पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के दो कर्मचारियों पर शराब के नशे में धुत्त कुछ हुड़दंगियों द्वारा सरेराह हमला करने और उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारियों को गंदी-गंदी गालियां दीं, बल्कि फोन करके अपने 10-12 अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और दोनों कर्मियों को घेरकर बुरी तरह पीटा।  लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना डाबा की पुलिस ने पीड़ित लाइनमैन की शिकायत पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट करने की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित कर्मचारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के जनता नगर (लुधियाना) डिवीजन में कार्यरत हैं। बीती 8 जून की देर रात (करीब 12:15 AM) इलाके में बिजली गुल होने की शिकायत मिलने पर वह अपने साथी कर्मचारी पवन कुमार (PSPCL) के साथ ज्ञान चंद नगर में बिजली की लाइन और फाल्ट को ठीक कर रहे थे। दोनों कर्मचारी खंभे के पास अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।

सुखविंदर सिंह ने बताया कि इसी दौरान वहां कुछ स्थानीय युवक आए, जो शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त थे। उन्होंने आते ही बिना किसी वजह के दोनों बिजली कर्मचारियों के साथ बहसबाजी शुरू कर दी और सरकारी काम को रोकने का प्रयास किया। जब कर्मचारियों ने उन्हें पीछे हटने और काम करने देने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गए और उन्होंने गंदी-गंदी गालियां देते हुए सुखविंदर और पवन के साथ सरेराह हाथापाई शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान ही आरोपियों में से एक व्यक्ति वहां से थोड़ा पीछे हटा और उसने फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। महज कुछ ही मिनटों के भीतर मोटरसाइकिल और पैदल ही 10 से 12 अन्य अज्ञात हमलावर वहां पहुंच गए। इन सभी ने ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों को चारों तरफ से घेर लिया और लात-घूंसों व डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के घरों से लोग बाहर निकलने लगे और सड़क पर राहगीरों का भारी इकट्ठा होने लगा, तो आरोपी खुद को घिरता देख डर गए। वे दोनों कर्मचारियों को जमीन पर लहूलुहान हालत में छोड़कर और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकियां देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

सरकारी महकमे के कर्मचारियों पर ड्यूटी के दौरान हुए इस जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही पावरकॉम के उच्चाधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने सुखविंदर सिंह के विस्तृत बयानों के आधार पर हुड़दंग मचाने वाले मुख्य आरोपियों और उनके 10-12 अज्ञात साथियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, ड्यूटी में बाधा डालने, दंगा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ज्ञान चंद नगर और जनता नगर डिवीजन के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि देर रात हुड़दंग मचाने वाले इन शराबियों की पहचान कर इन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!