Edited By Kalash,Updated: 11 Nov, 2026 10:00 AM

पालतू और हिंसक कुत्तों द्वारा मासूमों पर जानलेवा हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लुधियाना (राज): पालतू और हिंसक कुत्तों द्वारा मासूमों पर जानलेवा हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा दिल दहला देने वाला मामला ढोलेवाल स्थित पुलिस चौकी नंबर 6 के अधीन आते जनता नगर (भगवान चौक) इलाके से सामने आया है। यहां एक रिहायशी मकान में रहने वाले किराएदार के पालतू कुत्ते ने 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर अचानक हमला बोल दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे, ठोड़ी और टांगों को इतनी बेरहमी से नोच डाला कि अस्पताल में उसे करीब 50 टांके लगाने पड़े। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पिता ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर बेटे को खूंखार कुत्ते के जबड़े से खींचकर अलग किया, जिससे बच्चे की जान बच सकी।
गमले के पास खेल रहा था बच्चा, लंबी चेन से बंधे कुत्ते ने अचानक दबोचा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय मोहित अपने घर के आंगन में गमले के पास खेल रहा था। उसी मकान के एक हिस्से में रहने वाले किराएदार ने अपने पालतू कुत्ते को एक लंबी चेन के सहारे बांध रखा था। खेल-खेल में बच्चा जैसे ही उसके दायरे में आया, कुत्ते ने अचानक आक्रामक होकर मासूम पर झपट्टा मार दिया। 10 साल का बच्चा संभल नहीं पाया और जमीन पर गिर पड़ा। कुत्ते ने उसे नीचे गिराकर उसके चेहरे, ठोड़ी और दोनों टांगों को अपने जबड़े में जकड़ लिया और बुरी तरह चीर-फाड़ करने लगा।
पिता ने दिखाई बहादुरी, जबड़े से खींचकर निकाला; अस्पताल में लगे 50 टांके
हादसे के वक्त बच्चे के पिता गर्नेश पास में ही मौजूद थे। बेटे की दर्दनाक चीखें सुनकर जब उन्होंने देखा कि मोहित कुत्ते के जबड़े में फंसा हुआ लहूलुहान हो रहा है, तो उन्होंने बिना एक पल गंवाए जान की बाजी लगा दी। पिता ने फौरन हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को पूरी ताकत से कुत्ते की पकड़ से पीछे की ओर खींचा। पिता गर्नेश ने बताया कि यदि वे चंद सेकंड भी देरी करते, तो कुत्ता मासूम को बुरी तरह नोच डालता और उसकी जान भी जा सकती थी। हमले के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल बच्चे को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गहरे घावों पर करीब 50 टांके लगाए। इस रूह कंपा देने वाले हादसे के बाद से बच्चा गहरे मानसिक सदमे में है।
लापरवाही का आलम: पड़ोसियों की चेतावनियों को लगातार करता रहा नजरअंदाज
उसी मकान में रहने वाले पड़ोसी दीपक अवस्थी ने बताया कि कुत्ते के मालिक को पहले भी कई बार आगाह किया जा चुका था। मोहल्लेवासियों और पड़ोसियों ने किराएदार को कई मर्तबा समझाया था कि घर में छोटे बच्चे खेलते हैं, इसलिए कुत्ते को छोटी चेन से बांधकर अपने पास ही रखा जाए। इसके बावजूद मालिक ने घोर लापरवाही बरतते हुए कुत्ते को लंबी चेन लगाकर खुला छोड़ रखा था। घटना के वक्त कुत्ते का मालिक घर पर मौजूद नहीं था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा घटित हो गया।
इलाज पर फोकस, फिलहाल कानूनी शिकायत से कतरा रहा परिवार
मासूम के गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद पीड़ित परिवार फिलहाल पुलिसिया पचड़े और कानूनी कार्रवाई से दूरी बनाए हुए है। पिता गर्नेश का कहना है कि इस समय उनकी एकमात्र प्राथमिकता बच्चे को बेहतर इलाज मुहैया कराना और उसे इस असहनीय दर्द व सदमे से बाहर निकालना है। वहीं, पड़ोसी दीपक अवस्थी और अन्य स्थानीय लोग परिवार को ढोलेवाल पुलिस चौकी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए समझा रहे हैं, ताकि भविष्य में अन्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और लापरवाह मालिक पर नकेल कसी जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की सहमति मिलने के बाद ही पुलिस में औपचारिक शिकायत दी जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here