लुधियाना में ट्रक पार्किंग के विवाद में आया नाया मोड़, वीडियो सामने आने के बाद खुली पोल

Edited By Kalash,Updated: 30 Jun, 2026 05:20 PM

new twist in ludhiana truck parking dispute case

थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत अंबेदकर नगर में कुछ दिनों पहले पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक नया मोड़ आया है।

लुधियाना (राज): थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत अंबेदकर नगर में कुछ दिनों पहले पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक नया मोड़ आया है। इलाके में आम आदमी पार्टी के नेता और नशा मुक्ति मोर्चा के जिला को-ऑर्डिनेटर बीके बोनी द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का एक बेहद सनसनीखेज नया वीडियो सामने आया है। ट्रक पार्किंग को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद के बाद आप नेता ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए करीब 5 राउंड फायर किए थे। इलाके के लोगों का आरोप है कि गनीमत यह रही कि एक गोली वहां मौजूद एक मासूम बच्चे को छूकर निकल गई और किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। वारदात का यह नया और पुख्ता वीडियो सामने आने के बाद खुद को पाक-साफ बताने वाले आप नेता की पोल पूरी तरह खुल गई है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीडि़त लखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पूरा विवाद उनके 12-टायरी भारी-भरकम ट्रक को गली में पार्क करने को लेकर शुरू हुआ था। बीते रविवार सुबह ट्रक खड़ा करने पर आप नेता की पत्नी के साथ उनकी मामूली बहस हुई थी, जिसके बाद उन्होंने विवाद न बढ़ाते हुए तुरंत अपना ट्रक वहां से हटा लिया था। लखबीर सिंह का आरोप है कि इसी बात की रंजिश दिल में रखते हुए रात के समय बोनी के पिता रवि ने उनके घर के बाहर आकर अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मकान पर पथराव करना शुरू कर दिया थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, शोर-शराबा बढ़ने पर आप नेता बीके बोनी अपने लाइसेंसी हथियार के साथ बाहर आया और उसने सरेआम उनके परिवार पर पिस्तौल तान दी थी। बोनी ने एक के बाद एक करीब 5 राउंड सीधी फायरिंग की। इस दौरान वहां मौजूद एक छोटा बच्चा उस वक्त बाल-बाल बच गया, जब एक गोली उसे छूती हुई सनसनाती हुई निकल गई। 

खुलेआम हुई इस फायरिंग से पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। इस वारदात के बाद पहले एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था, जिसमें रात का अंधेरा होने के कारण गोली चलाने वाले का चेहरा पूरी तरह साफ नहीं हो पा रहा था। इसी का फायदा उठाकर थाना मॉडल टाउन पुलिस ने कहा था कि गोली चलने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन अब स्थानीय निवासियों द्वारा पुलिस को सौंपे गए एक नए और साफ वीडियो ने सच सामने ला दिया है। इस नए वीडियो में आप नेता साफ तौर पर अपनी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है।

वहीं दूसरी तरफ नशा मुक्ति मोर्चा के जिला कोऑर्डिनेटर बीके बोनी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। बोनी ने बकायदा मीडिया के सामने सफाई देते हुए दावा किया था कि उनके पास लाइसेंसी हथियार जरूर है, लेकिन उन्होंने कोई गोली नहीं चलाई। इसके उलट, उन्होंने पीडि़त पक्ष पर ही इलाके में नशा बेचने का आरोप लगाया था और कहा था कि वह नशे के खिलाफ आवाज उठाते हैं, इसलिए उन्हें फंसाया जा रहा है। जबकि स्थानीय निवासियों का कहना है कि आप नेता आए दिन पूरे मोहल्ले को परेशान करता है और अपनी राजनीतिक धौंस जमाता है। अब सरेआम गोलियां चलने के बाद लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गहरे खौफ में हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नया वीडियो साक्ष्य के रूप में रिकॉर्ड पर ले लिया गया है और वीडियो के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!