Edited By Vatika,Updated: 15 Jul, 2026 12:32 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को होने वाले चंडीगढ़ दौरे को लेकर पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को होने वाले चंडीगढ़ दौरे को लेकर पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए चंडीगढ़ पुलिस, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। मंगलवार को एसएसपी कंवरदीप कौर ने सभी डीएसपी और इंस्पेक्टरों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। कार्यक्रम को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सीआरपीएफ की 12 बटालियन भी मांगी हैं।
'नो-फ्लाइंग ज़ोन' घोषित
पीईसी परिसर में करीब 6,000 वर्गमीटर क्षेत्र में जर्मन हैंगर शैली का विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ आसपास की सड़कों की मरम्मत, सफाई और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही 16 और 17 जुलाई को चंडीगढ़ को 'नो-फ्लाइंग ज़ोन' घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन और अन्य मानव रहित उड़ान उपकरणों के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रमुख चौक-चौराहों पर 1,200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की राजेंद्र पार्क में लैंडिंग की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। हेलिपैड और वीवीआईपी रूट पर सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती और कड़ी जांच की व्यवस्था की गई है। एसपीजी टीम ने भी कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3,000 पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जबकि शहर के प्रवेश द्वारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर 1,200 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री के रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और विशेष चेकिंग की जाएगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है। हाल ही में मिली बम धमकियों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
प्रधानमंत्री इन परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
- PGI का एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर – 435 करोड़ रुपये
- PGI का एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर – करीब 440 करोड़ रुपये
- पंजाब यूनिवर्सिटी का मल्टीपरपज ऑडिटोरियम
- पीईसी का कुरुक्षेत्र Boys Hostel– 35 करोड़ रुपए
- पीईसी का नया मेस भवन – 4.50 करोड़ रुपये
- सरकारी कॉलेज, सेक्टर-46 का हॉस्टल ब्लॉक – 16.60 करोड़ रुपये
इन परियोजनाओं का रखेंगे शिलान्यास
- PGI का 150 बेड वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक
- जीरकपुर बाइपास परियोजना – 1,878 करोड़ रुपये
- मोहाली आईटी सिटी–कुराली एक्सप्रेसवे – 1,525.30 करोड़ रुपये
- पीईसी का रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल – 26.39 करोड़ रुपये