Edited By Urmila,Updated: 21 Oct, 2026 04:24 PM

गांव घराचों में राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक सुनाम-भवानीगढ़ मुख्य सड़क पर आज सुबह तीन कारों के बीच हुए हादसे में 22 वर्षीय लॉ की छात्रा अंशिका शर्मा की मौत हो गई।
भवानीगढ़ (कांसल): गांव घराचों में राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक सुनाम-भवानीगढ़ मुख्य सड़क पर आज सुबह तीन कारों के बीच हुए हादसे में 22 वर्षीय लॉ की छात्रा अंशिका शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारी लखविंदर सिंह के अनुसार, गौतम शर्मा निवासी सिरसा, जो इस समय पंचकूला में रह रहा है, अपने पिता महिंदर कुमार, माता मीनाक्षी शर्मा और बहन अंशिका शर्मा के साथ कार में सवार होकर सुनाम से भवानीगढ़ की ओर जा रहा था। जब वे गांव घराचों के पास पहुंचे तो उनकी कार बेकाबू होकर सामने से आ रही एमजी हेक्टर गाड़ी से टकरा गई। इसी दौरान हेक्टर गाड़ी के पीछे आ रही एक अन्य कार भी उससे टकरा गई। टक्कर के कारण तीनों वाहन सड़क किनारे खेतों में जा उतरे।
हादसे में गौतम शर्मा कार में बुरी तरह फंस गया। उसे गांववासियों और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने दो ट्रैक्टरों, जेसीबी मशीन और कटर की मदद से कार को काटकर बाहर निकाला। उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गंभीर रूप से घायल अंशिका शर्मा और उसकी माता मीनाक्षी शर्मा को निजी वाहन से भवानीगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अंशिका शर्मा की मौत हो गई।
लॉ के अंतिम वर्ष की छात्रा थी अंशिका
अंशिका के पिता महिंदर कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी सिरसा ने बताया कि अंशिका बेहद होनहार छात्रा थी और पंचकूला के नजदीक बरवाला स्थित देवी दयाल लॉ कॉलेज में लॉ के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सामने से आ रही कार ने मारी टक्कर : हेक्टर चालक
एमजी हेक्टर गाड़ी में सवार दिड़बा निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वह अपने पिता ईश्वर दास के साथ पटियाला से वापस दिड़बा जा रहा था। जब वे गांव घराचों के पास पहुंचे तो सामने से सुनाम की ओर से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी, जिसके कारण उनकी गाड़ी खेतों में जा उतरी। उसने बताया कि कार को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन दूसरी कार गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी से टकरा गई। उसे भी चोटें आईं, जिसके चलते उसने संगरूर के सरकारी अस्पताल में इलाज करवाया।
पीछे आ रही कार भी टकराई
तीसरी कार के चालक गगनदीप सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी मोहाली ने बताया कि वह एमजी हेक्टर गाड़ी के पीछे आ रहा था। जब हेक्टर गाड़ी सामने से आ रही कार से टकराई तो उसकी कार भी बेकाबू होकर हेक्टर से टकरा गई और खेतों में जा उतरी। इस हादसे में उसकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के कारण सुनाम-भवानीगढ़ मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here