Edited By Kalash,Updated: 27 Sep, 2026 02:16 PM

चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32-ए में एक स्नूकर क्लब की पार्किंग में सरेआम पिस्तौल तानकर फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32-ए में एक स्नूकर क्लब की पार्किंग में सरेआम पिस्तौल तानकर फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज की और फिर खौफ पैदा करने की नीयत से अपनी डब से पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया। गोली चलने से आसपास की दुकानों और पार्किंग में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना के बाद थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद शिकायतकार्त भविष्य के बयानों पर आरोपी मन्नत और करण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में भविष्य ने बताया कि 25 सितंबर को वह चंडीगढ़ रोड पर सेक्टर 32-ए स्थित विशाल मेगा मार्ट के नजदीक बने 147 स्नूकर क्लब में गया हुआ था। जब वह क्लब की पार्किंग में मौजूद था, तभी वहां आरोपी मन्नत और उसका साथी करण आ धमका। आरोपी ने बिना कारण बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सरेआम गाली-गलौज और बदतमीजी पर उतर आया। जब उसने आरोपी द्वारा दी जा रही गालियों का विरोध किया, तो आरोपी मन्नत आगबबूला हो गया। उसने पीड़ित को जान से मारने और सबक सिखाने की धमकी देते हुए तुरंत अपनी डब से एक पिस्तौल निकाल ली। आरोपी ने दहशत कायम करने के लिए सीधे हवा में गोली चला दी। अचानक हुए गोली की आवाज सुनकर पार्किंग में खड़े अन्य लोग दहशत के मारे इधर-उधर भागने लगे, जबकि उसने किसी तरह खुद को बचाया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here