Edited By Vatika,Updated: 05 Jun, 2026 08:44 AM

महानगर के डेहलों इलाके से एक 27 साल का युवक संदिग्ध परिस्थितियों में सूए (नहर) में डूब गया।
लुधियाना (राज): महानगर के डेहलों इलाके से एक 27 साल का युवक संदिग्ध परिस्थितियों में सूए (नहर) में डूब गया। बुधवार दोपहर को जो युवक अपनी मां से महज एक घंटे में वापस आने का वादा करके निकला था, आज दो दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है। लापता युवक की पहचान विक्की कुमार (27) के रूप में हुई है। विक्की अपने परिवार का इकलौता सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आया था। उसने अपनी मां पूनम देवी से 100 रुपए मांगे, लेकिन मां के मना करने पर उसने अपने पिता से पैसे ले लिए। जाते-जाते उसने मां से कहा था कि वह दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने जा रहा है और जल्द ही लौट आएगा और अब तक घर नहीं लौटा हैं।
दोस्तों ने पहले शराब पी फिर नहाने उतरे
वहीं, विक्की की मां पूनम देवी ने एक दोस्त पर अपने बेटे को सुनियोजित तरीके से नहर में डुबाने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके अलावा घटना से ठीक पहले विक्की के साथ मौजूद एक अन्य दोस्त ने कैमरे के सामने आकर कई बड़े और अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सभी दोस्त इकट्ठा हुए थे। शुरुआत में सबने स्विमिंग पूल जाने का प्लान बनाया था, लेकिन रास्ते में लक्की और उसके छह अन्य साथियों ने अचानक अपनी योजना बदल दी। उन्होंने विक्की को 12 किलोमीटर दूर डेहलों वाले सूए (नहर) पर चलने को कहा। खुलासा करने वाले दोस्त ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उनके साथ नहीं गया और वापस घर लौट आया। इसके बाद बाकी लड़के विक्की को लेकर नहर पर चले गए, जहां उन्होंने पहले जमकर शराब पी और फिर नहाने के लिए पानी में उतर गए।
आरोपी लक्की का फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा
इसी दौरान विक्की गहरे पानी में डूब गया और लापता हो गया। चश्मदीद दोस्त ने बताया कि उसी रात करीब 10 बजे जब उसने लक्की को फोन किया, तो लक्की बेहद घबराया हुआ था। उसने फोन पर कहा कि तू कहीं मत जाना, मैं तुझे बाद में सब बताता हूं। इस बातचीत के बाद से यानी अगली सुबह से ही आरोपी लक्की का फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे शक की सुई पूरी तरह से उस पर घूम गई है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने डेहलों थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। अभी तक युवक का शव बरामद नहीं हो पाया है, जिसके चलते पुलिस ने सूए में गोताखोरों को उतारा है। गोताखोर लगातार नहर में उसकी तलाश करने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन दोस्तों पर परिवार ने साजिश रचने का संगीन आरोप लगाया है, उन्हें पूछताछ के लिए राउंडअप किया जा रहा है। परिवार के बयानों और तफ्तीश में सामने आने वाले सच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।