Edited By Vatika,Updated: 12 Aug, 2026 09:05 AM

वीडियो बनाने का विरोध करने पर पड़ोसन द्वारा अपने साथ 20-25 लोगों
लुधियाना (राज): कूड़ा फेंकने गई युवती की वीडियो बनाने का विरोध करने पर पड़ोसन द्वारा अपने साथ 20-25 लोगों को लाकर एक घर पर हमला करने, गर्भवती महिला के साथ बदसलूकी करने और उसके कपड़े फाड़कर घसीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के बयानों पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 27 जून को उसकी भांजी खातीजा खातून घर के बाहर कूड़ा फेंकने गई थी। तभी पड़ोस में रहने वाली महिला मनजीत कौर उसकी भांजी की वीडियो बनाने लगी। भांजी ने घर आकर पूरी बात बताई। अगले दिन 28 जून को जब खातीजा खातून ने मनजीत कौर से रात में वीडियो बनाने का कारण पूछा, तो मनजीत कौर तैश में आ गई। उसने खातीजा के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उसकी चुन्नी खींच ली, जिससे शर्मिंदा होकर वह घर लौट आई। घटना के कुछ ही देर बाद मनजीत कौर अपने साथ करीब 20-25 अज्ञात लोगों को लेकर पीड़िता के घर आ धमकी। आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के पहने हुए कपड़े फाड़ दिए और उसे आधा नंगा कर दिया। पीड़िता के अनुसार, वह उस समय गर्भवती थी। आरोपी उसे बेदर्दी से घसीटते हुए गली में ले गए और गंदी-गंदी गालियां देने लगे। पीड़िता किसी तरह उनसे छूटकर वापस अपने घर आई, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए फिर उसके घर पहुंच गए और उसे घेर लिया।
मौके पर जब पीड़िता की ननद अनु खातून और भांजी खातीजा खातून बचाव के लिए आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि हमलावरों में सुखमनी सिंह (प्रॉपर्टी डीलर), सैणी, मुन्ना और अन्य 20-25 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मनजीत कौर, सुखमनी सिंह (प्रॉपर्टी डीलर), सैणी, मुन्ना और उनके अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, गर्भवती महिला व अन्य महिलाओं के साथ बदसलूकी, कपड़े फाड़ने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकियां देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।