Edited By Vatika,Updated: 27 Jul, 2026 02:41 PM

थाना टिब्बा के न्यू सुभाष नगर इलाके में मोबाइल झपटने की नीयत से आए एक शातिर स्नेचर को
लुधियाना (राज): थाना टिब्बा के न्यू सुभाष नगर इलाके में मोबाइल झपटने की नीयत से आए एक शातिर स्नेचर को अपनी ही चालाकी भारी पड़ गई। पैदल जा रहे एक साहसी युवक से मोबाइल छीनने की कोशिश में स्नेचर की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद पीड़ित और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही आरोपी को दबोचकर उसकी जमकर 'छित्तर परेड' कर डाली और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, न्यू सुभाष नगर इलाके में एक युवक पैदल जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार एक स्नेचर तेजी से उसके पास पहुंचा और हाथ में पकड़ा मोबाइल फोन झपटने का प्रयास किया। लेकिन, पीड़ित युवक ने बहादुरी दिखाते हुए अपने मोबाइल को कसकर पकड़े रखा और छोड़ा नहीं। झपट्टा मारने की इस कोशिश में स्नेचर की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।
जैसे ही स्नेचर नीचे गिरा, पीड़ित युवक ने बिना कोई मौका गंवाए उसे तुरंत दबोच लिया और उसकी धुनाई शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास खड़े स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने गुस्सा जाहिर करते हुए स्नेचर की जमकर पिटाई की। हाथापाई और हंगामे के बाद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी स्नेचर को अपनी हिरासत में ले लिया और उसकी मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।