Edited By Vatika,Updated: 28 Apr, 2026 12:35 PM

फिरोजपुर रोड स्थित कचहरी परिसर के बाहर सुरक्षा के दावों की हवा निकालते हुए दो
लुधियाना (राज): फिरोजपुर रोड स्थित कचहरी परिसर के बाहर सुरक्षा के दावों की हवा निकालते हुए दो बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवती से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना उस समय हुई जब गेमिंग जोन में काम करने वाली रीतू अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी। बदमाशों ने न केवल युवती का कीमती आईफोन छीना, बल्कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता रीतू ने बताया कि वह कचहरी परिसर के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची ही थी कि उसके फोन पर किसी की कॉल आ गई। वह फोन सुनते हुए पैदल चल रही थी, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास आकर रुके। इससे पहले कि रीतू कुछ समझ पाती, लुटेरों ने उसकी गर्दन पर तेजधार चाकू अड़ा दिया और बोले या— 'मोबाइल दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे।' मौत के डर के आगे बेबस रीतू को अपना आईफोन 12 लुटेरों के हवाले करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि लुटेरों की नजर रीतू के गले में पड़ी चेन पर भी थी।
आरोपी सरेआम धमकियां देते हुए फरार
रीतू के मुताबिक, बदमाशों ने चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उन्हें अहसास हुआ कि चेन सोने की नहीं बल्कि नकली है, तो उन्होंने उसे छोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सरेआम धमकियां देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि कचहरी इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही इन लुटेरों को दबोच लिया जाएगा।